Narnaul News: हरियाणा कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा : राव होशियार सिंह
जिला महेंद्रगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता राव होशियार सिंह ने गत दिवस हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय, पंचकूला में हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुनील दत्त से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।
नारनौल: जिला महेंद्रगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता राव होशियार सिंह ने गत दिवस हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्यालय, पंचकूला में हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुनील दत्त से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह भी मौजूद रहे।

मुलाकात के बाद राव होशियार सिंह ने कहा कि प्रदेश प्रभारी के साथ हुई बैठक में हरियाणा की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों तथा विशेष रूप से महेंद्रगढ़ जिले में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं को अधिक सक्रिय करने तथा आमजन के मुद्दों को मजबूती से उठाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
राव होशियार सिंह ने कहा, "कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा लक्ष्य संगठन को गांव-गांव और बूथ स्तर तक मजबूत करना है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनेगा और उन्हें पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाएगा। आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों को और तेज किया जाएगा, ताकि कांग्रेस पहले से अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी भूमिका निभा सके।"
उन्होंने बताया कि प्रदेश प्रभारी सुनील दत्त ने कार्यकर्ताओं को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्हें पूरी निष्ठा और सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने संगठनात्मक एकजुटता और बेहतर समन्वय पर विशेष बल दिया।
राव होशियार सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के सहयोग से पार्टी हरियाणा में और अधिक मजबूत होकर उभरेगी तथा जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



