Hansi/Hisar News: हांसी को मिलेगा अत्याधुनिक बहुउद्देशीय हॉल का तोहफा, 10.84 करोड़ रुपये की परियोजना से बढ़ेंगी जनसुविधाएं

पुरानी कचहरी परिसर में बनेगा आधुनिक मल्टीपर्पज हॉल, सामाजिक, सांस्कृतिक और सरकारी आयोजनों के लिए मिलेगी सुविधा: विधायक विनोद भयाना

Desh Rojana
On

शहर के विकास को नई गति देने तथा नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हांसी में अत्याधुनिक बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण किया जाएगा। 

हांसी:  शहर के विकास को नई गति देने तथा नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हांसी में अत्याधुनिक बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण किया जाएगा। यह महत्वाकांक्षी परियोजना पुरानी कचहरी परिसर में साकार होगी, जिस पर लगभग 10 करोड़ 84 लाख 71 हजार रुपये की लागत आएगी। इस बहुउद्देशीय भवन के निर्माण से सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए आधुनिक और सुव्यवस्थित आधारभूत संरचना उपलब्ध होगी।

 विधायक विनोद भयाना ने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में शहरों और कस्बों में आधुनिक नागरिक सुविधाओं का विस्तार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हांसी में प्रस्तावित यह अत्याधुनिक बहुउद्देशीय हॉल शहर की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है और इसके निर्माण से क्षेत्र के लोगों को बड़े स्तर के कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उत्कृष्ट सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

WhatsApp Image 2026-07-13 at 10.07.59 PM
उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 39,973 वर्ग फुट क्षेत्र में इस आधुनिक भवन का निर्माण कराया जाएगा। भवन का डिजाइन वर्तमान आवश्यकताओं और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, ताकि विभिन्न प्रकार के सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक, प्रशासनिक तथा सरकारी कार्यक्रम एक ही परिसर में सुचारू रूप से आयोजित किए जा सकें।

विधायक विनोद भयाना ने बताया कि भवन के भूतल पर 225 व्यक्तियों की क्षमता वाला अत्याधुनिक बहुउद्देशीय हॉल बनाया जाएगा। इसके साथ ही प्री-फंक्शन एरिया, अतिथि कक्ष, आधुनिक रसोईघर, पैंट्री, स्टोर, वॉशिंग एरिया, किचन कोर्टयार्ड, लिफ्ट तथा शौचालय ब्लॉक जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। भवन के प्रथम तल पर एक अतिरिक्त हॉल, दो कमरे, लिफ्ट एवं शौचालय ब्लॉक की व्यवस्था होगी, जबकि द्वितीय तल पर ममटी का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भवन परिसर में लगभग 30 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे कार्यक्रमों के दौरान आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन शहर के प्रमुख सार्वजनिक आयोजनों का केंद्र बनेगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा निर्माण कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।
विनोद भयाना ने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने के बाद हांसी क्षेत्र में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों को नया मंच मिलेगा। विभिन्न सरकारी बैठकों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, संगोष्ठियों, सांस्कृतिक आयोजनों और सामाजिक समारोहों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक स्थायी एवं सुव्यवस्थित स्थल उपलब्ध होगा। इससे न केवल नागरिक सुविधाओं में वृद्धि होगी, बल्कि शहर की पहचान और विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हांसी के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। यह बहुउद्देशीय हॉल शहर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा और आने वाले वर्षों में हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता उदयवीर झाझरिया, अशोक ठकराल, बबल खुराना, दूनी आसीजा, सुरेंद्र भांगा, दीपक मुंजाल, दिनेश भूटानी, रवि अरोड़ा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं अन्य उपस्थितजन मौजूद रहे।

 परियोजना की मुख्य विशेषताएं:
* कुल परियोजना लागत : 10 करोड़ 84 लाख 71 हजार रुपये
* स्थान : पुरानी कचहरी परिसर, हांसी
* कुल क्षेत्रफल : 39,973 वर्ग फुट (लगभग 0.91 एकड़)
* 225 व्यक्तियों की क्षमता वाला अत्याधुनिक बहुउद्देशीय हॉल
* प्री-फंक्शन एरिया, रसोईघर, पैंट्री, स्टोर एवं अन्य आधुनिक सुविधाएं
* प्रथम तल पर अतिरिक्त हॉल एवं दो कमरे
* लिफ्ट एवं आधुनिक शौचालय ब्लॉक की व्यवस्था
* लगभग 30 वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा
* निर्माण अवधि : 1 वर्ष
* सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यक्रमों के लिए उपयुक्त परिसर

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad