Palwal News : पलवल को एनसीआर का ग्रोथ इंजन बनाने में सहभागी बने औद्योगिक संस्थाएं

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने औद्योगिक इकाईयों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सुनी मांगे और समस्याएं

Desh Rojana
On

उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि जिला प्रशासन पलवल जिला को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) का प्रमुख औद्योगिक एवं आर्थिक केंद्र बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है।

पलवल। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि जिला प्रशासन पलवल जिला को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) का प्रमुख औद्योगिक एवं आर्थिक केंद्र बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। उन्होंने जिला की औद्योगिक संस्थाओं, उद्यमियों और निवेशकों से आह्वान किया है कि वे पलवल जिला के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए इसे एनसीआर का नया ग्रोथ इंजन बनाने में सहयोग करें। aa

उपायुक्त डा. छिल्लर मंगलवार को जिला की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में उनकी मांगे और समस्याएं सुन रहे थे। औद्योगिक इकाईयों के प्रतिनिधियों ने उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के समक्ष रोड इंफ्रास्ट्रक्चर, बिजली, पानी, जलभराव, ड्रेनेज सिस्टम आदि से संबंधित समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस बारे संयुक्त विजिट कर वास्तविक स्थिति का पता लगाकर धरातल पर कार्य करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से औद्योगिक इकाइयों को सभी विभागों का सहयोग मिलेगा। उन्होंने कहा कि औद्योगिक इकाइयां भी जिला प्रशासन का अधिक से अधिक सहयोग करने के लिए आगे आकर पहल करें।

उपायुक्त ने कहा कि पलवल जिला की भौगोलिक स्थिति, बेहतर सडक़ एवं रेल संपर्क, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, केएमपी-केजीपी एक्सप्रेसवे तथा राष्ट्रीय राजमार्ग जैसे आधुनिक परिवहन नेटवर्क इसे निवेश के लिए अत्यंत उपयुक्त बनाते हैं। जिले में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं और सरकार भी उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि उद्योग केवल उत्पादन और व्यापार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे स्थानीय महिला शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने, कौशल विकास को बढ़ावा देने तथा जिले की आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने औद्योगिक संगठनों से आग्रह किया कि वे अपने सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता तथा कौशल प्रशिक्षण जैसे क्षेत्रों में भी योगदान दें, ताकि विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि सरकार और जिला प्रशासन उद्योगों को पारदर्शिता और सरलता के साथ समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। निवेशकों की समस्याओं के समाधान तथा नए उद्योगों की स्थापना के लिए जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उद्योग और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से जिले में निवेश का वातावरण और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की उद्योग हितैषी नीतियों का लाभ उठाकर अधिक से अधिक निवेशकों को पलवल जिला में उद्योग स्थापित करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। इससे न केवल जिले की आर्थिक प्रगति होगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।

उपायुक्त ने विश्वास व्यक्त किया कि यदि औद्योगिक संस्थाएं, जिला प्रशासन और स्थानीय नागरिक मिलकर कार्य करेंगे तो पलवल आने वाले वर्षों में एनसीआर का अग्रणी औद्योगिक एवं आर्थिक केंद्र बनकर उभरेगा। यह विकास रोजगार, आधारभूत सुविधाओं और सामाजिक समृद्धि के नए अवसर लेकर आएगा तथा पलवल की पहचान एक प्रगतिशील और आत्मनिर्भर जिला के रूप में स्थापित होगी। उन्होंने जिला में आयोजित होने वाली विभिन्न प्रकार की खेल गतिविधियों, मैराथन, साइक्लोथॉन आदि में औद्योगिक इकाईयों को आमंत्रित करने के भी निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, फायर सेफ्टी अधिकारी नवीन पाल, विनय गौतम, त्रिलोक जोशी, एजीएम समय सिंह, अभिजीत सिंह तंवर, राजीव अरोड़ा, सुनील मंगला, विजय पाल सिंह सहित एमएसएमई, विभिन्न औद्योगिक इकाईयों के प्रतिनिधि और एचआर उपस्थित रहे।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad