Nuh Mewat News: चौधरी ख़ुर्शीद अहमद मेमोरियल मेवात क्रिकेट कप 2026 का आयोजन अगस्त माह में
मेवात कप 2026 की वापसी: तावड़ू में गूंजेगा क्रिकेट का जुनून, युवाओं को मिलेगा बड़ा मंच
मेवात के क्रिकेट प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी और उत्साहजनक खबर सामने आई है। वर्षों के इंतजार के बाद एक बार फिर बहुचर्चित चौधरी ख़ुर्शीद अहमद मेमोरियल मेवात कप 2026 का आयोजन आगामी अगस्त माह में तावड़ू में किया जाएगा।
नूंह: मेवात के क्रिकेट प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ी और उत्साहजनक खबर सामने आई है। वर्षों के इंतजार के बाद एक बार फिर बहुचर्चित चौधरी ख़ुर्शीद अहमद मेमोरियल मेवात कप 2026 का आयोजन आगामी अगस्त माह में तावड़ू में किया जाएगा।
यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट वर्ष 2011 के बाद दोबारा आयोजित हो रहा है, जिससे क्षेत्र के खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस आयोजन के माध्यम से स्वर्गीय चौधरी ख़ुर्शीद अहमद की यादों को ताज़ा करने के साथ-साथ मेवात में खेल संस्कृति को मजबूत करने की सराहनीय पहल की जा रही है।

टूर्नामेंट में पूरे मेवात क्षेत्र की टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें ब्लॉक स्तर पर शामिल किया जाएगा। इसमें नूंह, पुनहाना, पिनगवां, सोहना, तावड़ू, फिरोजपुर झिरका, तिजारा, अलवर, नगर और इंदरी जैसे क्षेत्रों की टीमें भाग लेंगी, जिससे प्रतियोगिता का स्तर काफी ऊंचा रहने की उम्मीद है।
इस आयोजन को सफल बनाने में विधायक चौधरी आफताब अहमद, अंजुम सबरस और वकील गादपुर का विशेष सहयोग बताया जा रहा है। वहीं उद्घाटन समारोह में कांग्रेस की वरिष्ठ नेतृत्व के साथ-साथ कई नामी क्रिकेट खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना भी जताई जा रही है।
आयोजकों का कहना है कि आज के दौर में युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर कर खेलों की ओर प्रेरित करना बेहद जरूरी है। मेवात कप जैसे आयोजन न केवल युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देते हैं, बल्कि उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी करते हैं।
युवा खिलाड़ियों से अपील की गई है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और बढ़-चढ़कर टूर्नामेंट में हिस्सा लेकर मेवात का नाम रोशन करें।

About The Author
संबंधित समाचार



