Faridabad News : सांसद से लेकर पंच तक भाजपा का कार्यकर्ता दिखाई देना चाहिए : डा. अर्चना गुप्ता
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने साइक्लोथॉन में हिस्सा लिया और साइकिल चलाकर कार्यक्रम स्थल अमृता अस्पताल पहुंची
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने फरीदाबाद में आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ की हड्डी है।
फरीदाबाद। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने फरीदाबाद में आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ की हड्डी है। जब एक बूथ अध्यक्ष और बूथ पर काम करने वाला कार्यकर्ता अपना पसीना बहाता है तथा बूथ जीतकर भाजपा की झोली में डालने का काम करता है, तब विधायक और सांसद बनते हैं तथा सरकारें बनती हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के श्रम से ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। 
इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अर्चना के फरीदाबाद आगमन पर एमवीएन स्कूल अरावली हिल के सामने भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने डॉ. अर्चना गुप्ता का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया। इसके उपरांत प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने वजीरपुर गांव परशुराम चौक से भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सचिन ठाकुर के नेतृत्व में आयोजित साइक्लोथॉन में सहभागिता की। डॉ. अर्चना गुप्ता ने स्वयं साइकिल चलाकर कार्यक्रम स्थल अमृता अस्पताल तक पहुंचते हुए युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम स्थल अमृता अस्पताल सेक्टर 89 के ऑडिटोरियम में पहुंचने पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, खाद्य मंत्री राजेश नागर, विधायक धनेश अदलखा, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक मूलचंद शर्मा, सतीश फगाना, महापौर प्रवीण बत्रा जोशी, राष्ट्रीय परिषद सदस्य संदीप जोशी, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनैतिक सचिव अजय गौड़, जिला प्रभारी नरेंद्र वत्स, पूर्व जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, राजकुमार वोहरा, पूर्व विधायक नरेंद्र गुप्ता, टेकचंद शर्मा, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव राजीव जेटली, पूर्व शिक्षा मंत्री श्रीमती सीमा त्रिखा, जिला महामंत्री चौधरी प्रवीण गर्ग, शोभित अरोड़ा, प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम देख रहे हरविंदर कोहली समेत अनेक वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का पुष्प गुच्छ और फूलमालाओं से स्वागत और अभिनंदन किया। प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अर्चना गुप्ता ने मंचासीन नेताओं के साथ भारत माता, माँ अमृता आनंदमयी, श्रद्धेय श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय के चित्र पर दीप प्रज्वलन कर पुष्पांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता देने के भाव से पार्टी में आता है, जबकि कांग्रेस और इनेलो की सरकारें केवल लूटने और अपना घर भरने के लिए आई थी। उन्होंने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री प्रधान सेवक के रूप में और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य सेवक के रूप में देश और प्रदेश की सेवा कर रहे हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को गर्व होना चाहिए कि वह विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का सदस्य है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम का ही परिणाम है कि आज फरीदाबाद जिले में छह में से पांच विधायक भाजपा के हैं और लोकसभा में केंद्रीय मंत्री भी फरीदाबाद का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यह सफलता प्रत्येक कार्यकर्ता की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे महिलाओं, डॉक्टरों, युवाओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को भाजपा की विचारधारा से जोड़ने का काम करें। उन्होंने कहा कि हमारे लिए मुझसे बड़ा मेरा दल है और दल से बड़ा मेरा देश है।
केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी बुलंदियों पर पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि जैसे दुनिया में पीएम मोदी ने भारत की प्रतिष्ठा को बढ़ाया है उसी तरह डा. अर्चना गुप्ता हरियाणा की प्रतिष्ठा को देश में बढ़ाने का काम करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता में सभी को साथ लेकर चलने की क्षमता है। श्री गुर्जर ने प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर डा. अर्चना गुप्ता को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। श्री गुर्जर ने कहा कि भाजपा के दिल और दिमाग में देश और राम मंदिर हमेशा रहता है, लेकिन और विपक्ष के दिल और दिमाग ना देश है और ना ही प्रभु राम है। कांग्रेस ने हमेशा राम मंदिर के निर्माण में रोड़े अटकाने का काम किया। विपक्ष और भाजपा में अंतर बताते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्र्रेस सरकार में भ्रष्टाचार को दबाया जाता था तथा भ्रष्टाचारी को बचाया जाता था। मोदी सरकार और नायब सरकार में भ्रष्टाचारी को पकड़ा जाता है और सजा दिलाई जाती है।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि डा. अर्चना गुप्ता का प्रदेश अध्यक्ष बनना भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता ने एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में संगठन में अपनी यात्रा शुरू की और मेहनत, समर्पण व निरंतर कार्य के बल पर जिला अध्यक्ष, प्रदेश महासचिव से होते हुए आज प्रदेश अध्यक्ष के पद तक पहुंची हैं। यह उनकी कड़ी मेहनत और संगठन के प्रति निष्ठा का परिणाम है।
विपुल गोयल ने डा. अर्चना गुप्ता संगठन हित में जो भी निर्णय लेंगी, भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता उसे पूरी जिम्मेदारी के साथ धरातल पर उतारने का काम करेगा। विपुल गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस पानीपत से बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान की शुरुआत हुई, उसी पानीपत की बेटी को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर महिला सशक्तिकरण और कार्यकर्ता सम्मान का सशक्त संदेश दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में हरियाणा भाजपा संगठन और अधिक मजबूत होगा।
कैबिनेट मंत्री राजेश नागर ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा अर्चना गुप्ता का स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद जिस उत्साह के साथ साइकिल चलाकर युवाओं को संदेश दिया, वह प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और पार्टी नेतृत्व ने एक युवा एवं सक्षम महिला को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर यह साबित किया है कि भाजपा महिलाओं को नेतृत्व में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में महिला शक्ति और अधिक सशक्त होगी तथा संगठन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है।
जिला अध्यक्ष पंकज पूंजन रामपाल ने कार्यक्रम में पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा उनके आगमन से फरीदाबाद के कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता बूथ स्तर पर पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहे हैं और प्रदेश अध्यक्ष द्वारा दिए जाने वाले प्रत्येक दिशा-निर्देश का पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण भाव से पालन करेंगे। उनके नेतृत्व में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा पार्टी का जनाधार लगातार बढ़ेगा।
कार्यक्रम में श्रीमती नीरा तोमर, पूर्व वरिष्ठ महापौर देवेंद्र चौधरी, पूर्व जिला महामंत्री मूलचंद मित्तल, आर.एन. सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य ओमप्रकाश रक्षवाल, पार्षद गण, जनप्रतिनिधि, महिला मोर्चा प्रदेश सचिव गीता रक्षवाल, विधि प्रकोष्ठ प्रदेश सह संयोजक प्रकाशवीर नागर, सोशल मीडिया प्रदेश सह संयोजक अमित मिश्रा, प्रदेश पदाधिकारी, वरिष्ठ भाजपा नेता, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती सीमा भारद्वाज, श्रीमती भारती भाकुनी, धर्मबीर भड़ाना, मुकेश शर्मा, गोल्डी अरोड़ा तथा हरेंद्र भड़ाना, जिला सचिव गिरराज त्यागी, सुनील कुमार, मनीष छोक्कर, अनुराधा डिगवाल, तरणजीत भाटिया, जिला कोषाध्यक्ष राजन मुथरेजा, जिला मीडिया प्रभारी विनोद गुप्ता, कार्यालय सचिव राज मदान, शिवम रतन, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती राजबाला सरदाना, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष जेजू ठाकुर तथा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सचिन ठाकुर सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता व धार्मिक, सामाजिक संस्थाओं के सदस्य और फरीदाबाद के सभी वर्गों के सम्मानित जन कार्यक्रम में उपस्थित रहे।




