Palwal/Hathin News: राजकीय आईटीआई में 15 जुलाई तक छात्र कर सकेंगे पसंदीदा ट्रेड का चयन
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आईटीआई में नए सत्र में दाखिलों के लिए छात्र 15 जुलाई तक पसंदीदा ट्रेड का चयन कर सकेंगे।कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने ट्रेड चयन यानी चॉइस फिलिंग का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके अनुसार अभ्यर्थी ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी पसंद के ट्रेड का चयन कर उसे लॉक कर सकेंगे।
हथीन । राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान आईटीआई में नए सत्र में दाखिलों के लिए छात्र 15 जुलाई तक पसंदीदा ट्रेड का चयन कर सकेंगे।कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने ट्रेड चयन यानी चॉइस फिलिंग का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। इसके अनुसार अभ्यर्थी ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी पसंद के ट्रेड का चयन कर उसे लॉक कर सकेंगे।

निर्धारित अवधि के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन या नया चयन स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 2 जून से शुरू हुई थी। शुरुआत में आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून निर्धारित की गई थी लेकिन तकनीकी कारणों और अभ्यर्थियों की मांग को देखते हुए विभाग ने इसे बढ़ाकर 30 जून कर दिया था। हालांकि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी पोर्टल पर ट्रेड चयन का विकल्प उपलब्ध नहीं होने से हजारों अभ्यर्थी असमंजस की स्थिति में थे।
इसी के आधार पर तैयार होगी मेरिट
विभाग के अनुसार ट्रेड चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों की मेरिट तैयार की जाएगी और उपलब्ध सीटों के आधार पर विभिन्न आईटीआई में सीटों का आवंटन किया जाएगा। इसलिए सभी आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार करने के बजाय समय रहते अपनी प्राथमिकताओं के अनुसार ट्रेड का चयन कर पोर्टल को लॉक करना सुनिश्चित करें।
12 जून से नहीं दिखाई दे रहा था ट्रेड चयन का विकल्प
आईटीआई में दाखिलों के लिए आवेदन तो चल रहे थे लेकिन 12 जून के बाद कई दिनों तक पोर्टल पर ट्रेड चयन का विकल्प दिखाई नहीं दे रहा था। तकनीकी खामी के कारण अभ्यर्थी अपनी पसंदीदा ट्रेड का चयन नहीं कर पा रहे थे। इसके कारण छात्रों ने विभाग से शिकायत करते हुए जल्द समाधान की मांग की थी। अब विभाग की ओर से ट्रेड चयन का शेड्यूल जारी किए जाने से अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है और दाखिला प्रक्रिया के फिर से गति पकड़ने की उम्मीद है। हर वर्ष बड़ी संख्या में युवा तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के लिए आईटीआई का रुख करते हैं जिससे उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं। ऐसे में ट्रेड चयन प्रक्रिया शुरू होने से नए शैक्षणिक सत्र की प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और सीट आवंटन का कार्य भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरा किया जाएगा।
राजकीय आईटीआई हथीन के इंचार्ज मनोहर लाल ने बताया कि निदेशालय की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार सभी पात्र अभ्यर्थी 15 जुलाई तक ऑनलाइन पोर्टल पर ट्रेड चयन कर सकेंगे। छात्रों से अपील है कि वे सभी विकल्पों का सावधानीपूर्वक चयन करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी चॉइस लॉक करना न भूलें।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



