Nuh mewat news: केंद्र व प्रदेश सरकार का जिला नूंह के विकास पर विशेष फोकस - विपुल गोयल
12 शिकायतों का मौके पर निपटारा, शेष पर अधिकारियों को दिए आवश्यक कार्यवाही के निर्देश
हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार का जिला नूंह के विकास पर विशेष ध्यान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नूंह को आकांक्षी जिला घोषित किया गया है, जिसके तहत जिले के समग्र विकास के लिए अनेक नई परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है तथा इनके क्रियान्वयन के लिए पृथक बजट का भी प्रावधान किया गया है।
नूंह: हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार का जिला नूंह के विकास पर विशेष ध्यान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नूंह को आकांक्षी जिला घोषित किया गया है, जिसके तहत जिले के समग्र विकास के लिए अनेक नई परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है तथा इनके क्रियान्वयन के लिए पृथक बजट का भी प्रावधान किया गया है। मंत्री विपुल गोयल मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित सभागार में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में एजेंडे में शामिल 16 शिकायतों पर सुनवाई की गई, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष चार शिकायतों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के पास भेजते हुए लंबित रखा गया।

बैठक के दौरान गांव सिंगार, थाना बिछौर निवासी सकील की शिकायत थी कि उसकी बहन हसीना की 5 वर्ष पहले गांव देवला नंगली निवासी गफूर से शादी हुई थी, ससुराल वाले उसके साथ मारपीट करते थे, फिर उसके बाद वे उसे कहीं ले गए। इस मामले में पुलिस की ओर से बताया कि गत 28 अप्रैल को हसीना का शव गांव बड़ौज सराय के रास्ते पर स्थित एक कुएं से प्राप्त हुआ था। इस मामले से संबंधित जांच अभी जारी है। इस पर मंत्री ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि इस मामले की निष्पक्ष व त्वरित जांच की जाए। दोषी व्यक्ति किसी भी सूरत में बचने नहीं चाहिए। दोषी व्यक्ति को गिरफ्तार कर उचित कानूनी कार्यवाही की जाए तथा पीड़ित को न्याय दिलाया जाए।
गांव बैंसी, खंड इंडरी निवासी इबनस की पंचायती भूमि पर अवैध कब्जे संबंधी शिकायत पर मंत्री ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी इंडरी को एक सप्ताह के भीतर भूमि की पैमाइश कराकर रिपोर्ट उपायुक्त को प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने वाले अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। न्यू कॉलोनी, पलवल निवासी कैलाशचंद द्वारा नकनपुर, तहसील पुन्हाना स्थित अपनी 12 कनाल 9 मरला भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत पर मंत्री ने तहसीलदार पुन्हाना को भूमि की तस्दीक कराने तथा कब्जा पाए जाने की स्थिति में पुलिस बल की सहायता से भूमि को कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए। गांव ढाढोली खुर्द के मोहम्मद ईशा खान एवं अन्य की शिकायत पर मंत्री ने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालय की भूमि से अवैध कब्जा तत्काल हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि सरकारी भूमि पर किसी भी व्यक्ति का अवैध कब्जा न हो। भविष्य में सरकारी भूमि पर कब्जा मिलने की स्थिति में संबंधित अधिकारी के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विद्यालय में अतिरिक्त कमरों के निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र भेजने के निर्देश भी दिए।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आकेड़ा के प्रिंसिपल सुरेश पांडे की शिकायत पर मंत्री ने जन स्वास्थ्य विभाग पलवल के कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि गांव के स्कूल में पेयजल आपूर्ति को जल्द चालू करना सुनिश्चित करें। अगर नई पाइप लाइन बिछाने की आवश्यकता है तो स्कूल तक नई पाइप लाइन भी बिछवा दी जाए, लेकिन स्कूल में पेयजल की कमी नहीं रहनी चाहिए।
इसी प्रकार सब्जी मंडी नूूंह के पूर्व प्रधान टेकचंद व अन्य दुकानदार की शिकायत पर मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता व उपायुक्त को निर्देश दिए कि मंडी की ओर से जाने वाली सड़क का निर्माण पीडब्ल्यूडी व मार्केटिंग बोर्ड की बजाय किसी एक विभाग से करवाया जाए, ताकि काम की गुणवत्ता बनी रहे। इसी प्रकार गांव सिहरी निवासी छतर सिंह की शिकायत पर मंत्री ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी पुन्हाना को निर्देश दिए कि गांव में बंदरों की समस्या का निपटान किया जाए तथा बंदरों को पकड़कर कहीं अन्य स्थान पर छोड़ दिया जाए। गांव दुबालू निवासी पूर्व सरपंच जगदेव शास्त्री की शिकायत थी कि उनके गांव में सेम के पानी को निकालने के लिए 6 बोरवेल लगाए गए थे व पाइप लाइन भी बिछाई गई थी, लेकिन फिलहाल वे बंद पड़े हैं। इस पर मंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि संबंधित क्षेत्र का जल्द से जल्द दौरा कर बोरवेल की स्थिति चेक करें तथा आगामी एक महीने के अंदर इस क्षेत्र से पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए।
इससे पहले उपायुक्त अखिल पिलानी ने मंत्री का स्वागत किया तथा मीटिंग के एजेंडे के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर वक्फ बोर्ड हरियाणा के प्रशासक जाकिर हुसैन, जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद, पूर्व मंत्री कंवर संजय सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ अर्पित जैन, अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, सहायक पुलिस अधीक्षक वाईवीआर शशि शेखर, एसीयूटी अमितेज पांगती, डीएमसी दलबीर सिंह, एसडीएम तावडू जितेन्द्र कुमार, एसडीएम पुन्हाना अमित कुमार, एसडीएम फिरोजपुर झिरका लक्ष्मी नारायण, एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम व भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, नगर परिषद नूंह के चेयरमैन संजय मनोचा, नगर पालिका फिरोजपुर झिरका के चेयरमैन मनीष जैन, भानीराम मंगला, नरेंद्र पटेल, हेमराज शर्मा, रमेश मानुवास, योगेश तंवर सहित अन्य ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।




