Palwal News : विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के लिए विभागवार स्वीप कार्य योजना की गई है तैयार
अतिरिक्त उपायुक्त ने मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान में सभी विभागों को सक्रिय भागीदारी निभाने के दिए निर्देश
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने जिला निर्वाचन कार्यालय पलवल के माध्यम से व्यापक मतदाता जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान चलाने के लिए विभागवार स्वीप कार्ययोजना जारी की है।
पलवल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने जिला निर्वाचन कार्यालय पलवल के माध्यम से व्यापक मतदाता जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान चलाने के लिए विभागवार स्वीप कार्ययोजना जारी की है। 
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा इसके सफल क्रियान्वयन के लिए सभी विभागों, संस्थाओं एवं नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला स्वीप नोडल अधिकारी उत्सव आनंद ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्धारित गतिविधियों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने बताया कि जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करने तथा अपात्र प्रविष्टियों को हटाने के उद्देश्य से बहुआयामी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए मीडिया प्रचार, जनसंपर्क, डिजिटल संचार, सामुदायिक सहभागिता तथा विशेष वर्गों तक पहुंच बनाने पर विशेष बल दिया जा रहा है। कार्ययोजना के तहत सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग (डीआईपीआरओ) समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया, एफएम रेडियो, आउटडोर प्रचार के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया जा रहा है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि जिला परिषद, पंचायत विभाग तथा बीडीपीओ ग्राम पंचायत स्तर पर बैठकों, शपथ कार्यक्रमों, नुक्कड़ चित्रकला एवं प्रचार वाहनों के माध्यम से मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित करेंगे। उपमंडल अधिकारी (नागरिक) एवं निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी सामाजिक संगठनों, बार एसोसिएशन, रेलवे स्टेशन तथा राजनीतिक दलों के साथ समन्वय स्थापित कर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे। वहीं शिक्षा विभाग, उच्चतर शिक्षा विभाग और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग विद्यालयों, महाविद्यालयों, वृद्धजन केंद्रों एवं दिव्यांग पुनर्वास केंद्रों में विशेष अभियान चलाएंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा आशा वर्कर्स महिलाओं के लिए विशेष मतदाता शिविर आयोजित करेंगे, जबकि श्रम विभाग प्रवासी श्रमिकों तक पहुंच बनाकर पात्र मतदाताओं के पंजीकरण को प्रोत्साहित करेगा। इसके अलावा रोडवेज, मंडी बोर्ड, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, उद्योग केंद्र, राजस्व विभाग तथा नगर परिषद भी अपने-अपने स्तर पर जागरूकता गतिविधियां संचालित करेंगे। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि निर्वाचन आयोग के हेल्पलाइन नंबर 1950, वोटर पोर्टल तथा ईसीआईनेट मोबाइल ऐप का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही प्रत्येक विभाग अपने स्तर पर नोडल अधिकारी नामित कर नियमित प्रगति रिपोर्ट जिला स्वीप प्रकोष्ठ को उपलब्ध करवाए।

About The Author
संबंधित समाचार



