Palwal News : जिलाभर में 21 जून को ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ थीम के साथ मनाया जाएगा 12वां योग दिवस
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर ली अधिकारियों की बैठक
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने हरियाणा आयुष विभाग, हरियाणा योग आयोग, जिला प्रशासन और जिला आयुष विभाग द्वारा रविवार 21 जून को जिला में पलवल स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में मनाए जाने वाले 12वें जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।
पलवल। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने हरियाणा आयुष विभाग, हरियाणा योग आयोग, जिला प्रशासन और जिला आयुष विभाग द्वारा रविवार 21 जून को जिला में पलवल स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में मनाए जाने वाले 12वें जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए। 
उपायुक्त डा. छिल्लर ने कहा कि भारत सरकार की ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ थीम के साथ जिला, उपमंडल से लेकर ग्राम पंचायत स्तर तक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि योग को हर व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला में पूरी तैयारियों के साथ व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को ‘जन-आंदोलन’ बनाकर हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योग से संबंधित कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता, बैठने की व्यवस्था एवं सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि योग दिवस कार्यक्रम में अधिक से अधिक युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएं ताकि योग दिवस में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने जिला आयुष विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया एवं विभिन्न जनसंपर्क माध्यमों के जरिए लोगों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन बारे लोगों को जागरूक किया जाए।
19 जून को होगी पायलट रिहर्सल : उपायुक्त
उपायुक्त ने बताया कि 21 जून को सुबह पलवल स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में जिला स्तरीय योग सत्र का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों की संख्या में नागरिक, एनसीसी/एनएसएस कैडेट्स, विद्यार्थी, अधिकारी और स्वयंसेवी भाग लेंगे। जिला स्तरीय योग दिवस से पहले 19 जून को सुबह 7 से 8 बजे तक पायलट रिहर्सल का आयोजन होगा। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को पायलट रिहर्सल सहित मुख्य योग दिवस कार्यक्रम में सहभागिता करने के निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नितीश अग्रवाल, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, एसडीएम होडल बलीना, सीटीएम प्रीति रावत, एमडी शुगर मिल पलवल द्विजा, डीएसपी साहिल ढिल्लों, एसई डीएचबीवीएन रंजन राव, जिला आयुष विभाग के जिला आयुर्वेद अधिकारी डा. हमीदुल्लाह, डा. मोहम्मद इरफान सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



