Nuh/Nagina News: एक साल बाद पटरी पर लौटी नगीना पंचायत समिति, विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
करीब एक साल के लंबे विवाद और कानूनी लड़ाई के बाद नगीना पंचायत समिति ने आखिरकार फिर से कामकाज शुरू कर दिया है। शुक्रवार को हुई बैठक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें बजट वितरण और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
नूंह/नगीना: करीब एक साल के लंबे विवाद और कानूनी लड़ाई के बाद नगीना पंचायत समिति ने आखिरकार फिर से कामकाज शुरू कर दिया है। शुक्रवार को हुई बैठक शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई, जिसमें बजट वितरण और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। समिति के चेयरमैन अरशद खान और उनके भाई ईसा खान ने इस मौके पर सभी सदस्यों, प्रशासन और न्यायपालिका का आभार जताया।
चेयरमैन अरशद खान ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद उन्हें दोबारा बहाल किया गया है, जिससे अब विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से लगातार संघर्ष चलता रहा, लेकिन सदस्यों के सहयोग और मेहनत की बदौलत आज फिर से समिति काम करने की स्थिति में आई है। उन्होंने हबीब हवन नगर का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि वह हमारे साथ एक साया की तरह साथ रहे साथ ही उ होने पंचायत समिति के सभी मेंबर्स और सहयोगियों—बीरबल, नसीम सरपंच, परवेज, उस्मान और अन्य साथियों का विशेष धन्यवाद किया।

हालांकि इस पूरे घटनाक्रम को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी सामने आए हैं। अरशद खान ने सीधे तौर पर कांग्रेस विधायक मम्मन खान को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक ने उन्हें चेयरमैन पद से हटाने के लिए साजिश रची और अविश्वास प्रस्ताव लाकर गिराया, जिसके चलते क्षेत्र में एक साल तक विकास कार्य पूरी तरह ठप रहे। उनके अनुसार, यह “नेगेटिव राजनीति” का परिणाम था।
वहीं हबीब हवन ने भी इसी बात को दोहराते हुए कहा कि विकास में आई एक साल की रुकावट के पीछे विधायक की भूमिका रही है। उन्होंने चेयरमैन से अपील की कि अब सभी वार्डों में ईमानदारी से काम किया जाए और बजट का लाभ गांव-गांव तक पहुंचे।
अरशद खान ने बताया कि अविश्वास प्रस्ताव के बाद मामला हाई कोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट तक गया, जहां अंततः उनके पक्ष में फैसला आया। इस दौरान करीब 8-9 महीने तक कानूनी प्रक्रिया चली और समिति का कामकाज प्रभावित रहा। उन्होंने कहा कि उस समय बजट पर भी रोक लग गई थी, जिससे विकास कार्य पूरी तरह रुक गए थे।
अब समिति के पास लगभग ढाई से तीन करोड़ रुपये के बजट की संभावना जताई जा रही है, जिसे सभी वार्डों में समान रूप से खर्च किया जाएगा। चेयरमैन ने बताया कि प्राथमिकता के तौर पर गांवों में रास्तों का निर्माण, खिरणियों का सुधार, कब्रिस्तान और श्मशान घाट की चारदीवारी, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर काम किया जाएगा।
विधायक के साथ टकराव के सवाल पर अरशद खान ने कहा कि जब वे उनके साथ थे, तब भी कार्यों को लेकर दबाव बनाया जाता था। उनके अनुसार, विधायक अपनी मंशा के अनुसार काम करवाना चाहते थे और ऐसा न करने पर उन्हें हटाने की कोशिश की गई।
बैठक के अंत में चेयरमैन ने भरोसा दिलाया कि अब सभी मेंबर्स को साथ लेकर निष्पक्ष तरीके से विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जो सदस्य उनके साथ हैं या नहीं हैं, सभी वार्डों में बराबरी के साथ काम होगा और जनता को किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

About The Author
संबंधित समाचार



