Palwal News : सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास प्रदर्शनी एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन
कार्यक्रम का आयोजन सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा तथा जिला प्रशासन पलवल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रिबन काटकर किया।
पलवल। केंद्र और हरियाणा सरकार के 12 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे जनसंपर्क एवं जन-जागरूकता अभियान के तहत वीरवार को जिला सचिवालय पलवल में विकास प्रदर्शनी एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग हरियाणा तथा जिला प्रशासन पलवल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रिबन काटकर किया। इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह छिल्लर, पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल, एसडीएम भूपेंद्र सिंह तथा जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विजेंद्र सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। 
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि विकास प्रदर्शनी के माध्यम से केंद्र और हरियाणा सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों, जनहितकारी योजनाओं, उपलब्धियों और नवाचारों को प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य आमजन को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और विकासात्मक पहलों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। भाजपा सरकार ने हर क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं और युवाओं, महिलाओं, किसानों तथा गरीबों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनेक योजनाएं लागू की हैं। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
गौरव गौतम ने कहा कि सरकार लोगों के सपनों को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है और सुशासन तथा विकास को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करें और जनकल्याण शिविर में पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सरकार की जनसेवा, पारदर्शी प्रशासन और समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है तथा आमजन को सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगा।

About The Author
संबंधित समाचार



