Nuh mewat news: केंद्र व हरियाणा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सभी विभाग समन्वय से करें कार्य : उपायुक्त अखिल पिलानी

Desh Rojana
On

केंद्र एवं हरियाणा सरकार की गत 12 वर्षों की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 8 जून से 20 जून, 2026 तक चलाए जा रहे विशेष राज्यव्यापी अभियान के सफल आयोजन एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में लघु सचिवालय, नूंह में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। 

नूंह: केंद्र एवं हरियाणा सरकार की गत 12 वर्षों की उपलब्धियों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए 8 जून से 20 जून, 2026 तक चलाए जा रहे विशेष राज्यव्यापी अभियान के सफल आयोजन एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज उपायुक्त अखिल पिलानी की अध्यक्षता में लघु सचिवालय, नूंह में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अभियान के अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा, जिम्मेदारियों एवं समयबद्ध कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।

WhatsApp Image 2026-06-11 at 11.51.35 PM
उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि अभियान के अंतर्गत 13 जून को जिला वन अधिकारी के माध्यम से सभी उपमंडलों एवं सरकारी संस्थानों में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाए। इसके अलावा अतिरिक्त उपायुक्त, नूंह की अध्यक्षता में 13 से 15 जून तक विभिन्न वर्गों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उन्होंने मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद को विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि 16 से 18 जून तक सभी उपमंडलों में संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता में जन कल्याण शिविर आयोजित किए जाएं। इन शिविरों में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पंजीकरण, शिकायत निवारण तथा ऑन-द-स्पॉट सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी ताकि आम नागरिकों को अधिकतम लाभ मिल सके।
उन्होंने बताया कि 16 से 18 जून तक जिला मुख्यालय पर केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में चित्रकला प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग, लाभार्थी संवाद, योजना पंजीकरण तथा अन्य जन-जागरूकता गतिविधियों का आयोजन भी किया जाए। इसी प्रकार रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के माध्यम से 16 से 20 जून के बीच रोजगार एवं कौशल विकास मेले आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल विकास से संबंधित अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि आगामी 20 जून तक कृषि, बागवानी एवं पशुपालन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किसान व पशुधन संवर्धन सम्मेलन आयोजित किए जाएं, जिनमें किसानों को कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों, योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी जाए व आधुनिक कृषि पद्धतियों पर प्रदर्शन एवं व्याख्यान आयोजित कर किसानों को जागरूक किया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि 20 जून तक जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। सार्वजनिक स्थलों, सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों तथा पंचायत परिसरों में विशेष सफाई अभियान संचालित किए जाएं तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें तथा अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाएं।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, जिला नगर आयुक्त दलबीर सिंह फौगाट, जिला रोजगार अधिकारी श्याम सुंदर रावत, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य सुधीर कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में जिले के सभी उपमंडल अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad