Mewat News:करोड़ों के फर्जी बिल घोटाले की शिकायत पर सीएम फ्लाइंग की जांच शुरू, जन स्वास्थ्य विभाग पुनहाना में मचा हड़कंप
जनस्वास्थ्य विभाग के पुन्हाना डिविजन कार्यालय पब्लिक में फर्जी बिलों के आधार पर करोड़ों रुपये के कथित घोटाले की शिकायत पर बुधवार को सीएम फ्लाइंग रेवाड़ी इंचार्ज डीएसपी शाकिर हुसैन के नेतृत्व में टीम ने पांच साल के रिकॉर्ड को खंगालना शुरू कर दिया है।
मेवात। जनस्वास्थ्य विभाग के पुन्हाना डिविजन कार्यालय पब्लिक में फर्जी बिलों के आधार पर करोड़ों रुपये के कथित घोटाले की शिकायत पर बुधवार को सीएम फ्लाइंग रेवाड़ी इंचार्ज डीएसपी शाकिर हुसैन के नेतृत्व में टीम ने पांच साल के रिकॉर्ड को खंगालना शुरू कर दिया है। सीएम फ्लाइंग की टीम सुबह से शाम तक कार्यालय में जांच शुरू करती रही। आखिर कार कथित घोटालों से जुड़े काफी दस्तावेजों को टीम अपने साथ भी ले गई है। इस जांच और छापेमारी की पुष्टि सीएम फ्लाइंग रेवाड़ी के डीएसपी शाकिर हुसैन ने की है। 

आपको बता दे कि सीएम फ्लाइंग रेवाड़ी की टीम बुधवार को कथित करोड़ो रूपये के घोटाले की जांच करने जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता पुनहाना कार्यालय पहुंचकर रिकॉर्ड की जांच की। सीएम फलाइंग रेवाडी के डीएसपी साकिर हुसैन स्वंय टीम के साथ कार्यालय पंहुचे और दस्तावेजो को खंगालना शुरू किया। सुबह करीब साढ़े नौ बजे पहुंची। टीम देर शाम तक कार्यालय में डटी रही और अधिकारियों से दस्तावेज जुटाती रही। कार्रवाई के दौरान विभाग में दिनभर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार बीसरू गांव निवासी पूर्व जिला पार्षद पति मुफीद पुत्र इकबाल ने मुख्यमंत्री कार्यालय और संबंधित विभाग के उच्च अधिकारियों को शिकायत भेजकर पब्लिक हेल्थ डिविजन पुन्हाना में ठेकेदारों द्वारा फर्जी बिल और बोगस दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों रुपये की राशि निकालने के आरोप लगाए थे। शिकायत में वर्ष 2024 और 2026 में हुए कार्यों, टेंडर प्रक्रिया और भुगतान में अनियमितताओं की जांच की मांग की गई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ ठेकेदारों ने मिलीभगत कर फर्जी हस्ताक्षर, दस्तावेज और बिल तैयार कर विभाग से भुगतान कराया। शिकायतकर्ता ने करीब 30 करोड़ रुपये के कथित घोटाले का आरोप लगाते हुए 2024 में हुए कार्यों और इसके बाद करीब 22 करोड़ रुपये के ऑनलाइन टेंडर तथा अन्य योजनाओं की भी जांच कराने की मांग की है।
सीएम फ्लाइंग की टीम ने शिकायत के आधार पर बुधवार को कार्यालय पहुंचकर संबंधित रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए। टीम ने पिछले पांच वर्षों में हुए कार्यों, टेंडर प्रक्रिया, बिलों, भुगतान संबंधी दस्तावेजों और अधिकारियों के हस्ताक्षरों से जुड़े रिकॉर्ड मांगे हैं। टीम द्वारा रिकॉर्ड की बारीकी से जांच की जा रही है। शिकायत में कई ठेकेदारों पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि कुछ ठेकेदारों ने विभाग में प्रभाव बनाकर फर्जी तरीके से भुगतान निकलवाए। साथ ही कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए जांच की मांग की गई है।
बताया जा रहा है कि जांच टीम ने विभाग के अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली और पुराने रिकॉर्ड को खंगालना शुरू कर दिया है। सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई के चलते कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों में दिनभर हलचल रही। कई कर्मचारी रिकॉर्ड जुटाने में लगे रहे तो शिकायत में नाम आने पर कई ठेकेदार कार्यालय के बाहर चक्कर लगाते रहे और कार्यवाही की पल पल की जानकारी जुटाते रहे। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पहले भी कुछ मामलों में जांच हुई, लेकिन कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। अब शिकायत के बाद सीएम फ्लाइंग द्वारा शुरू की गई जांच से मामले में नए सिरे से कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
वहीं, सीएम फ्लाइंग अधिकारियों ने जांच को लेकर अभी कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।
रेवाड़ी सीएम फ्लाइंग इंचार्ज डीएसपी शाकिर हुसैन ने बताया कि बुधवार को उनकी टीम पुनहाना जन स्वास्थ्य कार्यालय पहुंची है। यहां पर भ्रष्टाचार की शिकायतें मिली है, उनकी गहराई से जांच की जा रही है। जांच में अगर कोई अधिकारी, कर्मचारी या ठेकेदार संलिप्त पाया गया तो उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उनका कहना है कि रिकॉर्ड की जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। जांच में यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



