Hansi News: ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर एडीसी लक्षित सरीन की सख्ती, खेड़ी जालब नायब तहसीलदार सहित दो कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
जन संवाद व सीएम विंडो पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित
जन संवाद तथा सीएम विंडो पोर्टल पर दर्ज नागरिकों की शिकायतों के समाधान को लेकर जिला सचिवालय परिसर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने की। उन्होंने दोनों पोर्टलों पर दर्ज शिकायतों की विभागवार एवं एक-एक कर समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा कार्रवाई रिपोर्ट (ए.टी.आर.) पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से अपलोड की जाए।
हांसी: जन संवाद तथा सीएम विंडो पोर्टल पर दर्ज नागरिकों की शिकायतों के समाधान को लेकर जिला सचिवालय परिसर में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने की। उन्होंने दोनों पोर्टलों पर दर्ज शिकायतों की विभागवार एवं एक-एक कर समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा कार्रवाई रिपोर्ट (ए.टी.आर.) पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से अपलोड की जाए।

एडीसी लक्षित सरीन ने कहा कि जन संवाद और सीएम विंडो सरकार के महत्वपूर्ण माध्यम हैं, जिनके जरिए आम नागरिक अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रशासन के समक्ष रखते हैं। इसलिए इन पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों के निपटारे में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मौके की स्थिति का निरीक्षण करें और नियमानुसार समाधान करवाकर उसकी स्पष्ट एवं तथ्यात्मक ए.टी.आर. अपलोड करें।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी को किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। संबंधित विभाग के अधिकारी शिकायतों की नियमित निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी शिकायत बिना उचित कार्रवाई के लंबित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतकर्ता को दी गई कार्रवाई की जानकारी भी स्पष्ट रूप से उपलब्ध करवाई जाए, ताकि लोगों को अपनी शिकायत के समाधान की स्थिति के बारे में जानकारी मिल सके।
बैठक के दौरान खेड़ी जालब उप तहसील के नायब तहसीलदार अनुपस्थित पाए गए। इस पर एडीसी लक्षित सरीन ने कड़ा संज्ञान लेते हुए नायब तहसीलदार को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, बैठक में ड्यूटी के प्रति लापरवाही बरतने वाले उपयुक्त कार्यालय के दो कर्मचारियों के संबंध में भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
एडीसी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी कार्यों के प्रति गंभीरता एवं जिम्मेदारी बरतें और निर्धारित बैठकों में समय पर उपस्थित रहना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान करना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और शिकायतों के निपटारे में गुणवत्ता के साथ-साथ समयबद्धता का भी विशेष ध्यान रखें। बैठक में एसडीएम राजेश खोथ,एसडीएम विकास यादव, तहसीलदार डॉ अनिल कुमार बिढान तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author
संबंधित समाचार



