Gurugram News: बाइक चोरी के आरोप में 20 वर्षीय युवक गिरफ्तार, सात बाइक और स्कूटी बरामद
पुलिस ने वाहन चोरी के आठ मामलों को सुलझाने का दावा किया, नशे की पूर्ति के लिए वारदातों को अंजाम देने की बात सामने आई
अपराध शाखा सेक्टर-17 की टीम ने बाइक चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की सात बाइक और एक स्कूटी बरामद करने के साथ वाहन चोरी के आठ मामलों को सुलझाने का दावा किया है।
गुरुग्राम: अपराध शाखा सेक्टर-17 की टीम ने बाइक चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की सात बाइक और एक स्कूटी बरामद करने के साथ वाहन चोरी के आठ मामलों को सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, एक व्यक्ति ने 15 अगस्त को थाना सेक्टर-10 में शिकायत दर्ज कराई थी कि 3 जुलाई से 16 जुलाई के बीच सेक्टर-37सी, गुरुग्राम से उसकी बाइक अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-17 की टीम ने 17 अगस्त को सेक्टर-37 स्थित रामा गार्डन के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान आयन (20), निवासी बसई एन्क्लेव, गुरुग्राम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने गुरुग्राम में वाहन चोरी की सात अन्य वारदातों में भी शामिल होने की बात कबूल की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की सात बाइक और एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

About The Author
संबंधित समाचार



