Palwal News : सीवर, सफाई एवं अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल को मिला जिला कांग्रेस कमेटी का समर्थन
नगर पालिका कर्मचारी संघ एवं अग्निशमन कर्मचारी यूनियन की राज्यव्यापी हड़ताल 15वें दिन भी जारी रही। पलवल शहर के कमेटी चौक स्थित नगर परिषद कार्यालय में सैकड़ों सीवर, डोर-टू-डोर एवं सफाई कर्मचारी हड़ताल पर डटे रहे, वहीं फायर स्टेशन के कर्मचारी भी अपने कार्यालय के सामने धरने पर बैठे रहे।
पलवल। नगर पालिका कर्मचारी संघ एवं अग्निशमन कर्मचारी यूनियन की राज्यव्यापी हड़ताल 15वें दिन भी जारी रही। पलवल शहर के कमेटी चौक स्थित नगर परिषद कार्यालय में सैकड़ों सीवर, डोर-टू-डोर एवं सफाई कर्मचारी हड़ताल पर डटे रहे, वहीं फायर स्टेशन के कर्मचारी भी अपने कार्यालय के सामने धरने पर बैठे रहे। 
हड़ताल को समर्थन देने के लिए जिला कांग्रेस कमेटी पलवल के अध्यक्ष श्री नेत्रपाल अधाना कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से तत्काल वार्ता कर समाधान निकालने की अपील की। श्री अधाना ने कहा कि पलवल नगर परिषद में 13 नए गांव शामिल होने के बावजूद सफाई कर्मचारियों की संख्या में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है, जिससे कर्मचारियों पर कार्यभार अत्यधिक बढ़ गया है और शहर में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। उन्होंने ठेकेदारी प्रथा समाप्त कर ठेके पर कार्यरत कर्मचारियों को नियमित करने की मांग का भी समर्थन किया।
उन्होंने कहा कि शहर में जगह-जगह गंदगी और कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिससे गंभीर बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। सरकार को हठधर्मिता छोड़कर सर्व कर्मचारी संघ एवं नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर सभी जायज मांगों को तुरंत पूरा करना चाहिए, ताकि कर्मचारी अपने परिवारों का भरण-पोषण सम्मानपूर्वक कर सकें। कांग्रेस नेताओं ने कर्मचारियों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र भेजने तथा नेता प्रतिपक्ष द्वारा इन मुद्दों को आगामी विधानसभा सत्र में उठाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान जितेंद्र तेवतिया ने कहा कि सरकार माननीय उच्च न्यायालय के 23 दिसंबर एवं 31 दिसंबर 2025 के कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने संबंधी आदेशों को लागू करने के बजाय विकल्प तलाश रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जॉब सिक्योरिटी के नाम पर कर्मचारियों को 58 वर्ष की आयु तक कच्चा रखना चाहती है। यदि सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने गंदगी से फैलने वाले संक्रामक रोगों की गंभीर आशंका जताते हुए सरकार की नीतियों को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।
फायर ब्रिगेड कर्मचारी यूनियन के जिला प्रधान किशोर कुमार ने कहा कि कालका स्टील फैक्ट्री फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद भवीचंद एवं रणबीर को आज तक शहीद का दर्जा, सरकारी नौकरी तथा एक करोड़ रुपये मुआवजा नहीं दिया गया है। उन्होंने बताया कि नवंबर 2024 में मुख्यमंत्री द्वारा ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को 26,000 रुपये तथा शहरी सफाई कर्मचारियों को 27,000 रुपये न्यूनतम वेतन देने की घोषणा की गई थी, लेकिन आज तक किसी कर्मचारी को इसका लाभ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर, ऑपरेशनल मेंटेनेंस ठेकों को समाप्त कर कर्मचारियों को पे-रोल पर लेने, समान काम का समान वेतन, न्यूनतम वेतन 30,000 रुपये, कैशलेस मेडिकल सुविधा, रिक्त पदों पर स्थायी भर्ती तथा पुरानी पेंशन बहाली जैसी मांगों को लेकर पूरे प्रदेश में रोष व्याप्त है। नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान अशोक कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा सीवर एवं सफाई कर्मचारियों के लिए घोषित 2100 रुपये की बढ़ोतरी का लाभ किसी भी कर्मचारी को नहीं मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2020 से किसी भी सफाई कर्मचारी को वर्दी एवं जूते का भत्ता नहीं दिया गया है। इस अवसर पर नगर पालिका कर्मचारी संघ के नेता विजय बेनीवाल, अशोक सीरिया (जिला प्रधान), विजय बेनीवाल (पलवल प्रधान), सूरज दरोगा, जसवीर दरोगा, संजय दरोगा, नीरज दरोगा, अनूप मंडोतिया, कर्मवीर बेनीवाल सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे। मंच संचालन सतीश मांडोतिया ने किया।




