Palwal News : गलत तरीके से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वालों के खिलाफ की जाएगी सख्त कार्रवाई : उपायुक्त
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि परिवार पहचान पत्र तथा सरकारी सेवाओं से संबंधित विभिन्न पोर्टलों पर उपलब्ध जानकारी के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ कर सरकारी योजनाओं का अनुचित अथवा अवैध लाभ लेने वाले नागरिकों के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पलवल। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि परिवार पहचान पत्र तथा सरकारी सेवाओं से संबंधित विभिन्न पोर्टलों पर उपलब्ध जानकारी के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ कर सरकारी योजनाओं का अनुचित अथवा अवैध लाभ लेने वाले नागरिकों के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। 
उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर बृहस्पतिवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की शिकायतें सुन रहे थे। उन्होंने कहा कि यदि जांच के दौरान किसी व्यक्ति द्वारा गलत जानकारी दर्ज करवाने, दस्तावेजों में हेराफेरी करने, पोर्टल पर छेड़छाड़ करने अथवा तथ्यों को छिपाकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार एफआईआर दर्ज करवाकर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने समाधान शिविर से अनुपस्थित रहने पर एक्सईएन लोक निर्माण विभाग को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से पहुंचना सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की अनियमितता या धोखाधड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए केवल सही एवं प्रमाणित जानकारी ही उपलब्ध करवाएं। गलत जानकारी देने या फर्जी दस्तावेजों का प्रयोग करने से बचें, ताकि पात्र नागरिकों को उनका हक समय पर मिल सके। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभरे हैं। इन समाधान शिविरों के माध्यम से जिला प्रशासन ने शासन और जनता के बीच संवाद को और मजबूत करते हुए लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि जनता की समस्या को गंभीरता से सुनना, संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करना और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि सरकार की ओर से सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सख्त हिदायतें जारी की हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी सफाई कर्मचारी से बिना आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के सीवरेज, कुएं, सेप्टिक टैंक, बायोगैस प्लांट अथवा अन्य जोखिमपूर्ण स्थानों की सफाई न करवाई जाए। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सफाई कार्य के दौरान कर्मचारियों को हेलमेट, दस्ताने, मास्क, सुरक्षा जूते, सेफ्टी बेल्ट, गैस डिटेक्टर तथा अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कहा कि सीवरेज या बंद स्थानों में जहरीली गैसों की मौजूदगी कर्मचारियों के लिए जानलेवा साबित हो सकती है। इसलिए ऐसे स्थानों में कर्मचारी को उतारने से पहले सुरक्षा मानकों की जांच करना अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि सफाई कर्मचारियों की जान जोखिम में डालकर कोई कार्य न करवाया जाए तथा उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाए। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित पेंडिंग शिकायतों बारे समीक्षा करते हुए जिला वन विभाग सहित जिन विभागों की शिकायतें शून्य रही उनकी प्रशंसा करते हुए उनके कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, क्रिड व शहरी स्थानीय निकाय पलवल की सबसे अधिक शिकायतें रि-ओपन हुई हैं। उन्होंने पेंडिंग शिकायत वाले विभागों को निर्देश दिए कि वे सभी पेंडिंग और रि-ओपन शिकायतों को शून्य पर लेकर आएं। इस अवसर पर नगराधीश प्रीति रावत, डीडीपीओ उपमा अरोड़ा, जिला राजस्व अधिकारी बलराज सिंह दांगी सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।




