Faridabad News : बल्लभगढ़ में निकली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के रंग में रंगा शहर
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर रहे मुख्य अतिथि, विधायक मूलचंद शर्मा ने किया नेतृत्व व आयोजन- युवाओं, बुजुर्गों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में रविवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में देशभक्ति का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लिए हजारों की संख्या में नौजवानों, बुजुर्गों, महिलाओं तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरा बल्लभगढ़ भारत माता के जयकारों और राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा।
बल्लभगढ़। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में रविवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में देशभक्ति का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लिए हजारों की संख्या में नौजवानों, बुजुर्गों, महिलाओं तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरा बल्लभगढ़ भारत माता के जयकारों और राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा। 
तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर रहे, जबकि कार्यक्रम का आयोजन बल्लभगढ़ विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा द्वारा किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर विधायक पं. मूलचंद शर्मा ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। तिरंगा यात्रा सेक्टर-3 पुल से शुरू होकर तिगांव रोड, बस अड्डा मार्केट होते हुए बल्लभगढ़ खंड स्तरीय कार्यालय पहुंची, जहां यात्रा का विधिवत समापन हुआ। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह स्थानीय लोगों, सामाजिक संगठनों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्पवर्षा और जोरदार स्वागत किया गया। यात्रा के दौरान हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे युवा देशभक्ति के गीतों और नारों के साथ उत्साह बढ़ाते नजर आए। बुजुर्गों और महिलाओं ने भी यात्रा में अपनी भागीदारी दर्ज कराते हुए राष्ट्र के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। तिरंगा यात्रा ने पूरे क्षेत्र में एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। देश की आजादी के लिए असंख्य वीरों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। आज हम सभी का दायित्व है कि राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। आज देश का तिरंगा पूरी दुनिया में भारत की शक्ति, सामर्थ्य और गौरव का प्रतीक बन चुका है। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से जोड़ना है। विधायक पं. मूलचंद शर्मा ने तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं तथा बल्लभगढ़ की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिस उत्साह और अनुशासन के साथ लोगों ने यात्रा में भाग लिया, वह बल्लभगढ़ की राष्ट्रभक्ति और एकजुटता को दर्शाता है। केंद्रीय राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने भी तिरंगा यात्रा में शामिल सभी लोगों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि राष्ट्रध्वज देश के करोड़ों नागरिकों की भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। तिरंगा यात्रा में भाजपा प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा, जिला अध्यक्ष सोहनपाल सिंह, भाजपा नेता टिपरचंद शर्मा, पूर्व चेयरमैन हुकम सिंह भाटी, चेयरमैन संजीव बैंसला, पार्षद रवि भगत, पार्षद योगेश शर्मा, पार्षद महेश गोयल, पार्षद किरण बाला, पार्षद प्रतिनिधि मास्टर जयप्रकाश, पार्षद मुकेश डागर, पार्षद प्रतिनिधि ज्ञानेंद्र भारद्वाज, पार्षद सोनू वैष्णव, स्वराज भाटी, शिक्षाविद दीपक यादव, शिक्षाविद उद्यम आधाना, राहुल गोयल, मंडल अध्यक्ष संजय जांगिड़, मंडल अध्यक्ष गौरव विरमानी, मंडल अध्यक्ष पवन सैनी, मंडल अध्यक्ष कुलदीप मथारू, पूर्व पार्षद जगत भूरा, हरेराम प्रधान, विपिन त्यागी, महावीर सैनी, जिला महामंत्री अनुराग गर्ग सहित बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सभी भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा के दौरान “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिंद” के नारों से पूरा बल्लभगढ़ राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। यात्रा ने क्षेत्रवासियों में देश के प्रति गर्व, सम्मान और एकता की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया।




