Rewari News: हर घर तिरंगा अभियान में जिलेवासी उत्साहपूर्वक भाग लें : डीसी
डीसी अभिषेक मीणा ने किया आह्वान, 17 अगस्त तक तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड कर अभियान में दें योगदान
डीसी अभिषेक मीणा ने जिला वासियों से आह्वान किया है कि वे देशभक्ति की भावना के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लें और तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी लेकर अभियान के आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनभागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
रेवाड़ी: डीसी अभिषेक मीणा ने जिला वासियों से आह्वान किया है कि वे देशभक्ति की भावना के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लें और तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी लेकर अभियान के आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जनभागीदारी सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान नागरिक तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अथवा फोटो आधिकारिक हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं। सफलता पूर्वक फोटो अपलोड करने के बाद नागरिक अपना डिजिटल प्रमाण-पत्र भी जनरेट कर डाउनलोड कर सकेंगे।
डीसी ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और एकजुटता की भावना को प्रदर्शित करने का अवसर है। उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि वे 9 से 17 अगस्त के बीच अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें, तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड करें और इस राष्ट्रीय अभियान को जन आंदोलन बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि “मेरा तिरंगा, मेरी शान” की भावना के साथ प्रत्येक नागरिक इस अभियान का हिस्सा बने और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को और मजबूत करे।
डीसी ने बताया कि तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करने के लिए सबसे पहले ‘हर घर तिरंगा’ की आधिकारिक वेबसाइट harghartiranga.com पर जाएं। इसके बाद होमपेज पर उपलब्ध ‘अपलोड सेल्फी’ अथवा ‘अपलोड मीडिया’ विकल्प पर क्लिक करें। मांगी गई आवश्यक जानकारी जैसे नाम, मोबाइल नंबर एवं राज्य दर्ज करने के बाद तिरंगे के साथ ली गई अपनी सेल्फी अथवा फोटो को चुनकर अपलोड करें और ‘सबमिट’ बटन पर क्लिक करें। फोटो सफलतापूर्वक अपलोड होने के पश्चात उपलब्ध विकल्प के माध्यम से डिजिटल प्रमाण-पत्र जनरेट कर डाउनलोड किया जा सकता है।




