Gurugram News: विकास कार्यों की बढ़ेगी रफ्तार, ड्रेनेज के बाद तुरंत बनेंगे फुटपाथ
जीएमडीए सीईओ ने इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की समीक्षा की
शहर में सड़क और ड्रेनेज जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के साथ अब फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक स्थानों पर भी फोकस बढ़ाया जाएगा। ड्रेनेज निर्माण के दौरान टूटने वाले फुटपाथों को काम पूरा होने के तुरंत बाद बहाल किया जाएगा। फुटपाथों पर खुले मैनहोल भी सुरक्षित तरीके से ढके जाएंगे। वहीं, ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक जमीन से कंस्ट्रक्शन एवं डिमोलिशन(सी एंड डी ) वेस्ट हटाने के बाद वहां दोबारा मलबा न डाला जा सके, इसके लिए फेंसिंग कर इन स्थानों को ग्रीन स्पेस के रूप में विकसित किया जाएगा।
गुरुग्राम: शहर में सड़क और ड्रेनेज जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के साथ अब फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक स्थानों पर भी फोकस बढ़ाया जाएगा। ड्रेनेज निर्माण के दौरान टूटने वाले फुटपाथों को काम पूरा होने के तुरंत बाद बहाल किया जाएगा। फुटपाथों पर खुले मैनहोल भी सुरक्षित तरीके से ढके जाएंगे। वहीं, ग्रीन बेल्ट और सार्वजनिक जमीन से कंस्ट्रक्शन एवं डिमोलिशन(सी एंड डी ) वेस्ट हटाने के बाद वहां दोबारा मलबा न डाला जा सके, इसके लिए फेंसिंग कर इन स्थानों को ग्रीन स्पेस के रूप में विकसित किया जाएगा।
.jpeg)
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के सीईओ पी.सी. मीणा ने इंजीनियरिंग और हॉर्टिकल्चर विंग के अधिकारियों के साथ बैठक कर शहर में चल रहे प्रमुख विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में बरसाती पानी की निकासी, सड़क परियोजनाओं, पौधरोपण, ग्रीन बेल्ट और सी एंड डी वेस्ट की समस्या पर विस्तार से चर्चा हुई। सीईओ ने अधिकारियों को परियोजनाओं की गति बढ़ाने के साथ गुणवत्ता और लोगों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
शहर में बरसाती पानी की निकासी के लिए चल रहे ड्रेनेज कार्यों के कारण कई जगह फुटपाथ प्रभावित होते हैं। बैठक में सीईओ ने स्पष्ट किया कि ड्रेनेज का काम पूरा होने के बाद फुटपाथों को लंबे समय तक खुला या क्षतिग्रस्त नहीं छोड़ा जाए। कार्य पूरा होते ही फुटपाथ को पहले की तरह चालू किया जाए।
उन्होंने फुटपाथों पर मौजूद मैनहोल की स्थिति की भी जांच करने और उन्हें सुरक्षित ढंग से कवर करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि विकास कार्यों के दौरान पैदल चलने वालों को अनावश्यक परेशानी न हो और उनके लिए सुरक्षित रास्ता उपलब्ध रहे।
इफ़को चौक से एसपीआर तक सिग्नल-फ्री कॉरिडोर के काम में तेजी: प्रमुख सड़क परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान इफ़को चौक से एसपीआर की ओर प्रस्तावित सिग्नल-फ्री कॉरिडोर की प्रगति पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि आर्डी सिटी चौक पर प्रस्तावित सिग्नल-फ्री कॉरिडोर की डीपीआर तैयार हो चुकी है और जरूरी सर्वे भी पूरा किया जा चुका है।
बैठक में बताया गया कि वजीराबाद जंक्शन पर प्रस्तावित ग्रेड सेपरेशन के लिए कंसल्टेंट नियुक्त किया गया है और सर्वे का काम जारी है। सीईओ ने दोनों परियोजनाओं से जुड़े बाकी तकनीकी और प्रक्रियात्मक काम जल्द पूरा करने को कहा, ताकि इन्हें तय समय सीमा में आगे बढ़ाया जा सके।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि व्यापार केंद्र रोड़ का पुनर्विकास कार्य पूरा हो चुका है। गैलेरिया मार्केट रोड़ के पुनर्विकास का काम भी अंतिम चरण में है और इसे अगले करीब 20 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य है।




