Palwal News : मॉक ड्रिल के दौरान आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का किया गया व्यापक परीक्षण

पलवल में अटैक से सुरक्षा, बचाव व राहत कार्यों की सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का हुआ सफल आयोजन

Desh Rojana
On

जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा बुधवार को पलवल स्थित डा. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में कॉलेज पर अटैक होने से संबंधित स्थिति का सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल के माध्यम से  सफल परीक्षण किया गया। 

पलवल। जिला प्रशासन एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा बुधवार को पलवल स्थित डा. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय में कॉलेज पर अटैक होने से संबंधित स्थिति का सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल के माध्यम से  सफल परीक्षण किया गया। aa

उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर के मार्गदर्शन और एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह की देखरेख में आयोजित इस अभ्यास का उद्देश्य विभिन्न विभागों की आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों, समन्वय क्षमता तथा त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली का व्यावहारिक परीक्षण करना था। सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल के दौरान बिल्डिंग पर अटैक जैसी काल्पनिक आपात स्थिति का यथार्थपरक प्रदर्शन किया गया। अभ्यास के तहत अटैक होने की चेतावनी देने के लिए सायरन बजाया गया तथा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, घायलों के रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार, अग्निशमन एवं राहत कार्यों का प्रभावी प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विभिन्न आपातकालीन सेवाओं को निर्धारित समय में सक्रिय कर उनकी कार्यक्षमता का भी परीक्षण किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान सायरन बजाकर आपात स्थिति की सूचना दी गई, जिसके बाद संबंधित एजेंसियों ने निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार, अग्निशमन और राहत कार्यों का अभ्यास किया। 

अभ्यास के दौरान सायरन प्रणाली, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, इमरजेंसी एक्शन प्लान, इमरजेंसी रिस्पांस प्लान, संचार व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, फायर एवं रेस्क्यू सेवाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का व्यापक परीक्षण किया गया। साथ ही संबंधित विभागों को अभ्यास के दौरान सामने आए अनुभवों के आधार पर अपनी व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत करने के निर्देश भी दिए गए। मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, सिविल डिफेंस, होमगार्ड, आपदा मित्रों, जिला रेडक्रॉस सोसायटी, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एनसीसी, एनएसएस, माय भारत युवा वालंटियर्स तथा विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी विभागों ने निर्धारित मानकों के अनुसार संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन कर आपसी समन्वय का परिचय दिया। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल ने नागरिकों को यह संदेश दिया कि किसी भी आपदा या सुरक्षा संकट से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए केवल संसाधन ही नहीं, बल्कि समय पर निर्णय लेने की क्षमता, विभागों के बीच तालमेल और आम नागरिकों की जागरूकता भी उतनी ही आवश्यक है। इस सफल अभ्यास ने जिले की आपदा प्रबंधन तैयारियों को नई मजबूती प्रदान करने के साथ-साथ नागरिक सुरक्षा के प्रति विश्वास भी बढ़ाया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नियमित अभ्यास आपदा प्रबंधन प्रणाली को अधिक प्रभावी, सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 

एसडीएम पलवल भूपेंद्र सिंह ने कहा कि बदलते सुरक्षा परिदृश्य में किसी भी प्रकार की आपदा अथवा आपातकालीन स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों का समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता और त्वरित कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल से प्रशासनिक तैयारियों का मूल्यांकन करने के साथ-साथ भविष्य में किसी भी वास्तविक संकट की स्थिति में बेहतर एवं तेज प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि बेहतर समन्वय और समयबद्ध प्रतिक्रिया किसी भी वास्तविक संकट की स्थिति में प्रभावी आपदा प्रबंधन के लिए सबसे महत्वपूर्ण पहलू है।

फायर सेफ्टी अधिकारी नवीन पाल ने कहा कि इस प्रकार के मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने कहा कि इन अभ्यासों से अधिकारियों, कर्मचारियों एवं राहत एवं बचाव दलों की कार्यकुशलता में वृद्धि होती है। साथ ही आम नागरिकों में आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता, सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार तथा निर्धारित सुरक्षा उपायों का पालन करने के प्रति जागरूकता बढ़ती है। इस अवसर पर जिला राजस्व अधिकारी बलराज सिंह दांगी, तहसीलदार दिनेश कुमार, डीएसपी नरेंद्र खटाना, जिला शिक्षा अधिकारी मामराज, प्राचार्य तरुण सैनी, जिला फायर विभाग से नवीन पाल, होमगार्ड से विजय शर्मा, रेडक्रॉस से नीतू सिंह, शिक्षा विभाग की ओर से जसबीर सिंह तेवतिया सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad