Narnaul News: नारनौल में मैराथन का महाकुंभ, CM नायब सैनी करेंगे शुभारंभ, 68 हजार धावकों के पंजीकरण से बना नया रिकॉर्ड

डीसी अनुपमा अंजलि ने लिया तैयारियों का जायजा, पूरे रूट पर सुरक्षा और सुविधाएं चाक-चौबंद

Desh Rojana
On

अपनी अनूठी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के लिए जानी जाने वाली नारनौल नगरी 9 अगस्त को एक नए स्वर्णिम अध्याय की साक्षी बनने जा रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी यहां से राज्य स्तरीय हाफ मैराथन, हर घर तिरंगा और वंदे मातरम् महाअभियान की एक साथ शुरुआत करेंगे।

नारनौल: अपनी अनूठी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के लिए जानी जाने वाली नारनौल नगरी 9 अगस्त को एक नए स्वर्णिम अध्याय की साक्षी बनने जा रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी यहां से राज्य स्तरीय हाफ मैराथन, हर घर तिरंगा और वंदे मातरम् महाअभियान की एक साथ शुरुआत करेंगे।

WhatsApp Image 2026-08-08 at 11.43.48 PM
जिला प्रशासन के इतिहास में यह अब तक का सबसे विशाल और अभूतपूर्व आयोजन माना जा रहा है। हरियाणा उदय कार्यक्रम के तहत आयोजित हो रहे इस मेगा इवेंट का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को नशे के दलदल से दूर रखकर उनमें राष्ट्रभक्ति की अलख जगाना है।
आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी शिद्दत से जुटा हुआ है। उपायुक्त अनुपमा अंजलि ने शनिवार को नूनी शेखपुरा-सेक्टर मोड़ स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल और मैराथन के पूरे मार्ग का बारीकी से निरीक्षण किया। इस हाफ मैराथन को लेकर युवाओं और आमजन में गजब का उत्साह देखा जा रहा है।
रिकॉर्ड तोड़ आंकड़ों के मुताबिक, कुल 67,856 प्रतिभागियों ने अपना पंजीकरण कराया है, जिनमें 5 किलोमीटर दौड़ के लिए 64,931 और 10 किलोमीटर की प्रतिस्पर्धी दौड़ के लिए 2,925 धावक मैदान में उतरेंगे। प्रतिभागियों की सुविधा के लिए पूरे रूट पर हर 500 मीटर पर हेल्प डेस्क बनाए गए हैं, जहां पानी, ग्लूकोज और फर्स्ट-एड की व्यवस्था रहेगी। वहीं जगह-जगह ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक हरियाणवी वाद्ययंत्रों के साथ धावकों का हौसला बढ़ाया जाएगा।

सांस्कृतिक मंच पर जमेगा रंग: महावीर गुड्डू और अमित सैनी रोहतकिया बांधेंगे समां: कार्यक्रम में खेल और देशभक्ति के साथ-साथ हरियाणवी संस्कृति का बेजोड़ संगम भी देखने को मिलेगा। नूनी शेखपुरा स्थित मुख्य मंच पर सुबह 5 बजे से ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत हो जाएगी। पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध हरियाणवी लोकगायक महावीर गुड्डू अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे, वहीं युवाओं के चहेते लोकगायक अमित सैनी रोहतकिया अपने हिट गानों से धावकों और दर्शकों में ऊर्जा का संचार करेंगे। आयोजन स्थल पर मुख्य रूप से धावकों को फ्लैग-ऑफ करने के लिए एक विशेष मचान और आम जनता के लिए आकर्षक सेल्फी पॉइंट्स तैयार किए गए हैं।

स्वर्ण पदक विजेता शर्मिला धनखड़ होंगी ड्रग फ्री हरियाणा की ब्रांड एंबेसडर: ड्रग फ्री हरियाणा मुहिम को समर्पित इस भव्य आयोजन की एक और बड़ी खासियत छितरोली गांव की बेटी और राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता पैरा-एथलीट शर्मिला धनखड़ की मौजूदगी होगी। हाल ही में अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा लहराने वाली शर्मिला इस आयोजन में ब्रांड एंबेसडर के तौर पर शिरकत करेंगी। वे युवाओं को नशे से दूर रहने और खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाएंगी।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग लगाएगा ‘तिरंगा’ प्रदर्शनी: स्वतंत्रता की 79वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में हरियाणा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग तथा संस्कृति मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में 9 से 17 अगस्त तक एक विशेष फ्लेक्स प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों से अपने-अपने घरों पर शान से तिरंगा फहराने की अपील की है। इस प्रदर्शनी के माध्यम से पिंगली वेंकैया द्वारा तैयार किए गए शुरुआती तिरंगे के डिजाइन से लेकर जैसलमेर में फहराए गए दुनिया के सबसे बड़े खादी तिरंगे तक के ऐतिहासिक सफर को प्रदर्शित किया जाएगा।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad