Rewari News: हर घर तिरंगा’ अभियान-2026 आज से शुरू
जिला में 9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, 14 अगस्त को मनाया जाएगा ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’
सरकार द्वारा स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रविवार से हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ होगा जोकि 17 अगस्त तक व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। वहीं 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ पर भी विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
रेवाड़ी: सरकार द्वारा स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रविवार से हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ होगा जोकि 17 अगस्त तक व्यापक स्तर पर मनाया जाएगा। वहीं 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ पर भी विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि इस वर्ष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष रूप से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
.jpeg)
डीसी ने कहा कि गृह मंत्रालय द्वारा जारी दिशा -निर्देशों के अनुरूप विभिन्न कार्यक्रमों में आधिकारिक स्वरूप में ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन भी कराया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों सहित जिला के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़ चढ़कर प्रतिभागिता करते हुए सेल्फी अपलोड करने का आह्वान किया। डीसी ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 14 अगस्त को विभाजन के दौरान प्रभावित हुए लाखों लोगों की स्मृति में राज्य स्तर के साथ-साथ जिला स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसका राज्य स्तरीय समारोह जिला गुरूग्राम में आयोजित होगा। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मुख्य अतिथि होंगे।
उन्होंने बताया कि इन कार्यक्रमों में प्रदर्शनी, डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शन, नाट्य मंचन, विभाजन पीड़ित परिवारों के अनुभव साझा करना, मौन श्रद्धांजलि, कैंडल मार्च तथा शैक्षणिक जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला प्रशासन द्वारा विभाजन से प्रभावित परिवारों की कहानियों का संकलन कर नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हर साल 14 अगस्त को मनाया जाता है। इस दिन www.mygov.in/ माय गोव क्विज प्लेटफॉर्म पर देश के विभाजन के दर्द, संघर्ष और बलिदान की याद में विशेष राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाती है।
डीसी ने कहा कि जिला से माय गांव पोर्टल पर क्विज प्रतियोगिता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इस अभियान के अंतर्गत राज्य एवं जिला स्तर पर देशभक्ति आधारित तिरंगा कॉन्सर्ट, तिरंगा एवं वंदे मातरम् प्रदर्शनी, बाइक, साइकिल एवं ई-बाइक रैलियां, तिरंगा शोभायात्राएं, ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान, सरकारी भवनों पर तिरंगा रोशनी, विशाल तिरंगा रंगोली आदि देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।




