Nuh Mewat News: मेवात में पुलिस की मुस्तैदी व जनसहयोग से शांतिपूर्ण सम्पन्न हुई ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा

सिंगार गांव में यात्रा का हुआ समापन

Desh Rojana
On

मेवात के नूंह जिले में सावन के पहले सोमवार को निकली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा शांति, सौहार्द और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के बीच सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई। यात्रा का समापन पुनहाना खंड के गांव सिंगार स्थित सिंगेश्वर मंदिर में हुआ, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने विधिवत जलाभिषेक कर धार्मिक आस्था का परिचय दिया।

नूंह (मेवात): मेवात के नूंह जिले में सावन के पहले सोमवार को निकली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा शांति, सौहार्द और सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था के बीच सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई। यात्रा का समापन पुनहाना खंड के गांव सिंगार स्थित सिंगेश्वर मंदिर में हुआ, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने विधिवत जलाभिषेक कर धार्मिक आस्था का परिचय दिया। इस दौरान मेवात पुलिस की मुस्तैदी और आमजन के सहयोग ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि क्षेत्र में भाईचारे और एकता की परंपरा आज भी मजबूत है।
 
nuh police car 2
 
पिछले करीब 15 दिनों से जिला प्रशासन इस यात्रा को सफल बनाने के लिए लगातार जुटा हुआ था। उपायुक्त अखिल पिलानी और पुलिस अधीक्षक डॉ अर्पित जैन ने दिन-रात मेहनत कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को पुख्ता किया। प्रशासन ने उलेमाओं, सामाजिक संगठनों और पीस कमेटी के सदस्यों के साथ कई दौर की बैठकें कर आपसी तालमेल को मजबूत किया, जिसका सकारात्मक परिणाम आज देखने को मिला।
 
यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए रेवाड़ी रेंज के आईजी ओ.पी. नरवाल ने भी क्षेत्र का दौरा किया और पुलिस द्वारा किए गए प्रबंधों की सराहना की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे और किसी भी असामाजिक तत्व को माहौल बिगाड़ने की इजाजत नहीं दी गई थी तथा सोशल मीडिया पर प्रशाशन की खास नजर रही। यात्रा के दौरान करीब 2000 पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई, वहीं 13 डीएसपी अलग-अलग क्षेत्रों में निगरानी करते रहे। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी रिजर्व में तैयार रखा गया था।
 
nuh kawar 1 police
 
मेवात पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आधुनिक तकनीकों का भी सहारा लिया। यात्रा मार्ग पर आसमान से ड्रोन, जमीन पर पुलिस बल और पहाड़ी इलाकों में विशेष निगरानी रखी गई, ताकि कोई भी शरारती तत्व व्यवस्था में व्यवधान न डाल सके। यह सख्त निगरानी व्यवस्था यात्रा के शांतिपूर्ण आयोजन में अहम साबित हुई।
 
उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि प्रशासन ने 19 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए थे, जबकि 8 को रिजर्व में रखा गया था। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा का भी पूरा ध्यान रखा गया। मार्ग पर जगह-जगह पानी की व्यवस्था की गई और सामाजिक-धार्मिक संगठनों ने भी स्वागत व सेवा शिविर लगाए। लघु सचिवालय में हेल्पलाइन नंबर 01267-274610 भी शुरू किया गया, जिससे जरूरतमंद लोगों को त्वरित सहायता मिल सके।
 
पुलिस अधीक्षक डॉ अर्पित जैन ने बताया कि यात्रा के मद्देनजर भारी वाहनों के लिए विशेष रूट डायवर्जन एडवाइजरी जारी की गई थी, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रही और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने वाहन चालकों से एडवाइजरी का पालन करने की अपील की, जिसका व्यापक असर भी देखने को मिला।
 
nuh janta
 
प्रशासन ने एहतियात के तौर पर यात्रा मार्ग पर मीट की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए थे, वहीं इंटरनेट सेवाएं बंद करने का कोई निर्णय नहीं लिया गया। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराना और आमजन की सुविधा व सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।
 
यात्रा के सफल समापन पर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के लोगों, सामाजिक संगठनों, उलेमाओं और विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है, जिसमें हर वर्ग ने अपनी जिम्मेदारी निभाई।
 
मेवात में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई यह जलाभिषेक यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि इसने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जब प्रशासन की मुस्तैदी और समाज का सहयोग साथ हो, तो हर चुनौती का समाधान संभव है और भाईचारे की मिसाल कायम रहती है।
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad