Palwal News: सहकारिता से समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बनेगा भारत : गौरव गौतम

पलवल में जिला स्तरीय सहकारी जागरूकता सेमिनार का हुआ आयोजन, 'सहकार से समृद्धि-समृद्धि से आत्मनिर्भरता' का दिया संदेश

Desh Rojana
On

हरियाणा सरकार में खेल एवं युवा मामले तथा कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सहकारिता केवल एक विभाग नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था का मजबूत आधार है।

पलवल। हरियाणा सरकार में खेल एवं युवा मामले तथा कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि सहकारिता केवल एक विभाग नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था का मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि 'साथ मिलकर आगे बढ़ना' ही सहकारिता की मूल भावना है और जब समाज एकजुट होकर कार्य करता है तो विकास की गति कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि भारत सहकारिता से समृद्ध, विकसित और आत्मनिर्भर बनेगा। IMG-20260802-WA0026

खेल एवं युवा मामले तथा कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम रविवार को सहकारिता विभाग हरियाणा एवं हरियाणा राज्य सहकारी विकास प्रसंघ लिमिटेड (हरकोफैड) पंचकूला के संयुक्त तत्वावधान में पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय सहकारी जागरूकता सेमिनार को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा और नई ऊर्जा मिली है। अलग सहकारिता मंत्रालय का गठन, डिजिटल व्यवस्था को बढ़ावा तथा किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने के लिए लिए गए अनेक निर्णय इस बात का प्रमाण हैं कि केंद्र सरकार सहकारिता को विकास का प्रमुख माध्यम मानती है।

उन्होंने सेमिनार में लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी सहकारी संस्थाओं को मजबूत बनाने, किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि सहकारी समितियां किसानों, महिलाओं और युवाओं के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बनें। उन्होंने कहा कि भारत देश का किसान जितना मजबूत होगा, हमारा प्रदेश और देश उतना ही मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि सरकार सहकारी समितियां किसानों को खाद, बीज, ऋण, भंडारण और विपणन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने युवाओं और महिलाओं से भी अधिक से अधिक संख्या में सहकारिता आंदोलन से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में उनकी भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।

मुख्य अतिथि गौरव गौतम ने कहा कि आज का यह जागरूकता अभियान केवल जानकारी देने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने, विश्वास बढ़ाने और विकास की नई संभावनाओं के द्वार खोलने का अभियान है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से अपने गांव, क्षेत्र और जिले में सहकारिता की भावना को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि सहकारिता भारतीय संस्कृति की मूल भावना है, जो आपसी विश्वास, सहयोग और सामूहिक विकास पर आधारित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा मिली है और हरियाणा सरकार भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में इस क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सहकारी संस्थाएं किसानों, महिलाओं, युवाओं और छोटे उद्यमियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है और भारत तीव्र गति से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर ने कहा कि जिले में सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए जिला प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सहकारी संस्थाओं से जुड़ने और योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह अभियान केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे मिलकर ऐसे हरियाणा और भारत के निर्माण का संकल्प लें, जहां हर किसान समृद्ध, हर युवा आत्मनिर्भर और सहकारिता की भावना से समाज निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हो।

हरकोफैड सहकारिता विभाग हरियाणा के प्रचार अधिकारी सौरव अत्री ने कहा कि सहकारिता आर्थिक विकास के साथ-साथ सामाजिक सहभागिता और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को सहकारी संस्थाओं की योजनाओं, उनके लाभ तथा समाज और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि हरकोफैड प्रत्येक जिला में माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी एवं सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद कुमार शर्मा जी के निर्देशानुसार एवं सहकारिता प्रधान सचिव पंकज यादव, सहकारी समितियां रजिस्ट्रार सुभिता ढाका व हरकोफैड प्रबंध निदेशक नरेश गोयल के मार्गदर्शन में सहकारिता जागरूकता अभियान चला रहा है, जिसमें नारनौल में पहला कार्यक्रम और कुरुक्षेत्र में दूसरा कार्यक्रम और पलवल में तीसरा कार्यक्रम आज आयोजित हो चुका है।

इस अभियान के अंतर्गत हरकोफैड का लक्ष्य है कि सहकारिता विभाग की सभी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाकर सहकार से समृद्धि का स्वपन साकार करना है तथा महिलाओं और युवाओं को सहकारिता से जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न सहकारी योजनाओं, किसान हितैषी कार्यक्रमों तथा सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उपस्थित किसानों और नागरिकों ने भी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की और सहकारिता से जुड़ने में रुचि दिखाई। सेमिनार में भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला,  सहकारी चीनी मिल पलवल की प्रबंध निदेशक द्विजा सहित किसान, सहकारी समितियों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी तथा किसान उपस्थित रहे।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad