Nuh Mewat News: पुलिस के नाम पर 30 हजार की ठगी करने वाले कथित पत्रकार के खिलाफ केस दर्ज
नाबालिग पीड़िता से जुड़े दुष्कर्म प्रकरण में मुकदमा दर्ज कराने के नाम पर पीड़ित पक्ष से रुपये लेने के आरोप में नूंह पुलिस ने स्वयं को पत्रकार बताने वाले एक व्यक्ति के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नूंह। नाबालिग पीड़िता से जुड़े दुष्कर्म प्रकरण में मुकदमा दर्ज कराने के नाम पर पीड़ित पक्ष से रुपये लेने के आरोप में नूंह पुलिस ने स्वयं को पत्रकार बताने वाले एक व्यक्ति के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार आरोपी सरफुद्दीन, निवासी गांव खानपुर घाटी, थाना पिनगवां, हाल आबाद नूंह, ने स्वयं को पत्रकार बताते हुए पुलिस अधिकारियों से गहरी पहचान एवं प्रभाव होने का दावा किया। आरोपी ने पीड़ित परिवार को विश्वास दिलाया कि वह अपनी कथित पहुंच का इस्तेमाल कर उनके मामले में मुकदमा दर्ज करवा देगा। इसके बदले उसने रुपये की मांग की और अलग-अलग अवसरों पर कथित रूप से ₹30,000 प्राप्त कर लिए।
पीड़ित पक्ष को जब आरोपी की बातों पर संदेह हुआ तो उन्होंने पूरे घटनाक्रम की शिकायत पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर थाना शहर नूंह पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं एवं भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया। मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच जारी है तथा जांच में सामने आने वाले प्रत्येक तथ्य के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन, आईपीएस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नूंह पुलिस के नाम पर किसी भी प्रकार की दलाली, अवैध वसूली, प्रभाव का झूठा दावा या रिश्वतखोरी को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून का दुरुपयोग कर लोगों को गुमराह करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता संबंधी कोई भी प्रमाणिक तथ्य सामने आता है, तो उसके विरुद्ध भी बिना किसी भेदभाव के सख्त विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नूंह पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी मामले में कार्रवाई कराने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति स्वयं को प्रभावशाली बताकर रुपये की मांग करता है, तो उसके झांसे में न आएं। ऐसी किसी भी घटना की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, पुलिस कंट्रोल रूम या वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दें। आपकी पहचान गोपनीय रखते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



