Nuh Mewat News: डीसी ने विद्यालयों का किया निरीक्षण, बच्चों से संवाद कर बढ़ाया उत्साह
शिक्षा के साथ बेहतर सुविधाओं पर जोर, उपायुक्त ने विद्यालयों में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
उपायुक्त अखिल पिलानी ने वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घासेड़ा तथा पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कंवरसिका मैं पहुंचकर कर विद्यालयों में शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
नूंह: उपायुक्त अखिल पिलानी ने वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घासेड़ा तथा पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कंवरसिका मैं पहुंचकर कर विद्यालयों में शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

भ्रमण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालयों में मिड-डे मील, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्वच्छता, कक्षाओं तथा विद्यालय परिसर का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली और कहा कि विद्यालय ऐसा वातावरण प्रदान करें, जहां बच्चे सहजता और उत्साह के साथ शिक्षा ग्रहण कर सकें।
निरीक्षण के दौरान कुछ व्यवस्थाओं में सुधार की आवश्यकता पाए जाने पर उपायुक्त ने संबंधित प्राचार्यों को आवश्यक कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से पेयजल, शौचालयों की साफ-सफाई तथा मिड-डे मील की गुणवत्ता पर निरंतर ध्यान देने को कहा।
उपायुक्त ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना भी उतना ही आवश्यक है। जिला प्रशासन समय-समय पर विद्यालयों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा करता रहेगा, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके।
विद्यालय के शिक्षकों एवं प्राचार्यों ने उपायुक्त को विद्यालय की गतिविधियों तथा उपलब्धियों की जानकारी दी। उपायुक्त ने शिक्षकों से विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को और बेहतर बनाने के लिए नवाचार अपनाने तथा विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं अनुशासित बनाए रखने का आह्वान किया। इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घासेड़ा की प्राचार्य सुनीता तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कंवरसिका की प्राचार्य सपना ने उपायुक्त को विद्यालय में की जा रही अन्य गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

About The Author
संबंधित समाचार



