Narnaul News: नांगल चौधरी में बधाई के नाम पर 11 हजार की वसूली से भड़के लोग, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
महेंद्रगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले नांगल चौधरी क्षेत्र में खुशी के मौकों पर बधाई मांगने के नाम पर चल रही मनमानी और अभद्र व्यवहार के खिलाफ आम जनता का सब्र अब जवाब दे चुका है।
नारनौल: महेंद्रगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले नांगल चौधरी क्षेत्र में खुशी के मौकों पर बधाई मांगने के नाम पर चल रही मनमानी और अभद्र व्यवहार के खिलाफ आम जनता का सब्र अब जवाब दे चुका है। समाधान शिविर में महीनों पहले लिखित शिकायत दर्ज कराने के बावजूद जब नगर पालिका और स्थानीय प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो नगर के वार्ड पार्षदों और प्रबुद्ध नागरिकों ने गोलबंद होकर एसडीएम नांगल चौधरी को ज्ञापन सौंपा।
स्थानीय निवासियों ने साफ लहजे में चेताया है कि यदि इस समस्या पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई, तो क्षेत्र का सामाजिक वातावरण बिगड़ सकता है। एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में स्थानीय लोगों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि करीब एक महीने पहले सरकार द्वारा आयोजित समाधान शिविर में लिखित शिकायत दी गई थी।

इसमें बताया गया था कि कुछ किन्नर समाज के लोग बधाई के नाम पर आम परिवारों से अनुचित और भारी-भरकम राशि ऐंठ रहे हैं। ताजा मामला दो दिन पहले का है, जब एक वार्ड में पहुंचे कुछ लोगों ने एक परिवार से सीधे 11 हजार रुपये की मांग रख दी। जब गृहस्वामियों ने इतनी बड़ी रकम देने से इनकार किया, तो कथित तौर पर उनके साथ सरेआम अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और गाली-गलौज की गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है।
500 रुपये की तय सीमा का भी नहीं हो रहा पालन:
ज्ञापन सौंपने पहुंचे पूर्व पार्षद प्रतिनिधि सोनू तंवर, राजू सैनी और अशोक कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने बताया कि इससे पूर्व भी सभी वार्ड पार्षदों ने एकजुट होकर प्रशासन से लिखित अपील की थी।
इसमें मांग की गई थी कि बधाई के रूप में स्वेच्छा से दी जाने वाली राशि की अधिकतम सीमा 500 रुपये तय की जाए और इसका आधिकारिक आदेश जारी हो। हालांकि, नगर पालिका प्रशासन की सुस्ती के चलते न तो कोई लिखित निर्देश जारी हुआ और न ही वार्डों में कोई मुनादी कराई गई, जिसके चलते दबंगई के बल पर वसूली का यह धंधा बदस्तूर जारी है।
बनेगी कमेटी, होगी सीधी कानूनी कार्रवाई: एसडीएम:
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीएम नांगल चौधरी उमेद सिंह ने तुरंत संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि बधाई के नाम पर जबरन धन ऐंठने की कई गंभीर शिकायतें प्रशासन के पास पहुंची हैं, जिन्हें किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि इस मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया जा रहा है।
इस कमेटी में शहर के 5 संभ्रांत नागरिकों के साथ-साथ नगर पालिका सचिव और स्थानीय थाना प्रभारी को शामिल किया जाएगा। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि यदि कोई भी व्यक्ति 500 रुपये से अधिक की जबरन वसूली करता पाया गया या आम नागरिकों के साथ दुर्व्यवहार करेगा, तो उसके खिलाफ पुलिस प्रशासन सख्त कानूनी कदम उठाएगा।

About The Author
संबंधित समाचार



