Kurukshetra News: सभी अधिकारी अपने विभाग के कार्य को जिम्मेदारी के साथ करें : नवीन जिंदल
सांसद नवीन जिंदल ने दिशा की 7वीं बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं के कार्यों की करी समीक्षा
कुरुक्षेत्र लोकसभा सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि सभी अधिकारी अपने विभाग से संबंधित कार्य को खुद जिम्मेदारी के साथ देख ले तो तेजी से सुधार होगा और सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
कुरुक्षेत्र: कुरुक्षेत्र लोकसभा सांसद नवीन जिंदल ने कहा कि सभी अधिकारी अपने विभाग से संबंधित कार्य को खुद जिम्मेदारी के साथ देख ले तो तेजी से सुधार होगा और सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। सांसद ने बैठक में लंबे समय से लंबित ठोल से झांसा रोड के कार्य को करने में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के कॉन्ट्रैक्ट को रद्द करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दूसरी एजेंसी से इस कार्य को समयबद्ध पूरा करवाने को कहा गया।
सांसद ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से गांव खैरा के खेल स्टेडियम के लिए दो करोड़ रुपए खेल विभाग के पास भेजे हैं। इस राशि से युवाओं के विभिन्न खेलों के लिए स्टेडियम व सुविधाएं तैयार की जाएंगी।
सांसद नवीन जिंदल बुधवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित दिशा की 7वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में पहुंचने पर सांसद नवीन जिंदल का उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने स्वागत किया। सांसद नवीन जिंदल ने बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं के कार्यों को लेकर विभागों के साथ समीक्षा की।

सांसद नवीन जिंदल ने पीडब्ल्यूडी विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि कैथल से कुरुक्षेत्र और कुरुक्षेत्र से यमुनानगर तक मार्ग को फोरलेन की योजना तैयार करते हुए आने वाले 50 सालों की संभावना को ध्यान में रखा जाए। ऐसे में भूमि अधिग्रहण का कार्य 6 लेन के हिसाब से किया जाना चाहिए।
उन्होंने गांव धूलगढ़ से गांव मांगना मार्ग के कार्य को 4 महीने में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे पर रॉग लेन में चलने वाले वाहनों को रोकने के लिए डीजी पुलिस के साथ पत्राचार किया जाएगा। रॉग साइड में ट्रकों के चलने से हादसों का भय बना रहता है और ये दूसरे वाहनों के लिए अवरोधक भी बनते हैं।
उन्होंने कहा कि जलबेहड़ा से शाहाबाद तक एनएच 152 जी का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। फिनिशिंग वर्क को भी इसी सप्ताह में पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अनाज मंडी झांसा, सब यार्ड ठोल, एनजीएम और एक्सटेंशन एनजीएम लाडवा, एनजीएम और एनवीएम शाहाबाद के कार्य को पूरा कर लिया गया है। एनजीएम बाबैन के कार्य को नवंबर तक पूरा कर लिया जाएगा। सिंचाई विभाग द्वारा बरसाती जल को बचाने के लिए 100 रिचार्ज बोरवेल को बनाया गया है। इस वर्ष में 180 रिचार्ज बोरवेल को बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सांसद नवीन जिंदल ने महिला एवं बाल विकास विभाग की पीओ को निर्देश दिए कि वो जनस्वास्थ्य विभाग के साथ तालमेल कर सभी आंगनबाडिय़ों में पीने की पानी की व्यवस्था को सुनिश्चित करें। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारी को मिड डे मील को संबंधित खंड में तैयार करने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही सरकारी स्कूलों में पीने के पानी, शौचालय, विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था और कमरों की उचित व्यवस्था करने को कहा गया और सभी स्कूलों में बच्चों को शुरूआत से ही अंग्रेजी विषय व अन्य विषयों की अच्छी पढ़ाई के साथ जिला को शिक्षा के क्षेत्र में नंबर वन पर लाने के लिए कार्य करें, ताकि अभिभावक अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में भेजने के लिए मजबूर हों।

About The Author
संबंधित समाचार



