Gurugram News: सरिया से भरे टेंपो में घुसी कार, चालक के आरपार हो गए सरिया
द्वारका एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सेक्टर-37 थाना क्षेत्र के एवीएल सोसाइटी के पास सरिया लदे टेंपो से कार की टक्कर के बाद कार चला रहे व्यक्ति की मौत हो गई।
गुरुग्राम: द्वारका एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सेक्टर-37 थाना क्षेत्र के एवीएल सोसाइटी के पास सरिया लदे टेंपो से कार की टक्कर के बाद कार चला रहे व्यक्ति की मौत हो गई। सरिया उसके शरीर से आर पार हो गया। हादसे के समय कार में बैठी उसकी महिला सदमे से बेहोश हो गई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।
.jpeg)
हादसा शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे हुआ। जानकारी के अनुसार एक सफेद रंग की कार द्वारका एक्सप्रेसवे पर जा रही थी। इसी दौरान एवीएल सोसायटी के पास सरिया लेकर जा रहे एक लाल रंग के टेंपो से उसकी टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टेंपो में लदे सरिया कार के अंदर तक घुस गए और चालक के शरीर को आर पार कर गए। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।
कार में साथ बैठी महिला हादसा देखकर सदमे में आ गई और बेहोश हो गई। उसे भी एंबुलेंस से निजी अस्पताल पहुंचाया गया है। वहां उसका इलाज चल रहा है।
सूचना मिलते ही सेक्टर-37 थाना पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। अधिकारी ने बताया कि अभी हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। हादसे के बाद द्वारका एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।




