Palwal/Hathin News:नूंह से चोरी की हुई बाइक के साथ शातिर चोर गिरफ्तार
एंटी व्हीकल थेफ्ट (एवीटी) स्टाफ हथीन की टीम ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से चोरी की एक बाइक बरामद की है।
हथीन। एंटी व्हीकल थेफ्ट (एवीटी) स्टाफ हथीन की टीम ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से चोरी की एक बाइक बरामद की है।
एवीटी स्टाफ हथीन प्रभारी तेजपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि एवीटी स्टाफ हथीन के हेड कांस्टेबल मुनफेद अपनी टीम के साथ 16 जुलाई की रात को गश्त पर थे। इसी दौरान पुलिस टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि नूंह जिले के कालियाका का रहने वाला प्रदीप नामक युवक एक बिना नंबर की चोरी की काले रंग की बाइक लेकर हथीन-मिंडकोला रोड पर स्वामिका मोड़ के पास किसी का इंतजार कर रहा है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की। पुलिस की सरकारी बुलेरो गाड़ी को अपनी ओर आते देख आरोपी घबरा गया और बाइक को मौके पर ही छोड़कर स्वामिका गांव की तरफ भागने लगा। मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान प्रदीप निवासी कालियाका, जिला नूंह के रूप में हुई है। जब पुलिस ने बरामद बाइक की जांच की तो उस पर आगे और पीछे कोई नंबर प्लेट नहीं लगी थी। आरोपी प्रदीप बाइक के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद जब पुलिस टीम ने गहनता से बाइक का चेसिस नंबर चेक कर रिकॉर्ड खंगाला, तो पता चला कि यह बाइक करीब दो महीने पहले नूंह जिले के रोजकामेव थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तार की सूचना संबंधित नूंह पुलिस को अलग से दी जा रही है ।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



