Mewat News: गंगवानी पहुंचे आफताब अहमद, मौलाना फजरूद्दीन के निधन पर जताया शोक
मेडिकल कॉलेज और बिजली-पानी की समस्याओं पर सरकार को घेरा
नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद रविवार को जिले के गंगवानी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने दो दिन पूर्व मौलाना फजरूद्दीन के निधन पर उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त कर परिवार को सांत्वना दी।
मेवात। नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद रविवार को जिले के गंगवानी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने दो दिन पूर्व मौलाना फजरूद्दीन के निधन पर उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरा शोक व्यक्त कर परिवार को सांत्वना दी।

विधायक आफताब अहमद ने कहा कि इलाके के सम्मानित उलेमा और धार्मिक व्यक्तित्वों में शामिल थे। उन्होंने अपने जीवन को समाज और धर्म की सेवा के लिए समर्पित किया तथा अपने व्यवहार, शिक्षाओं और संदेशों के माध्यम से लोगों का मार्गदर्शन किया। मौलाना फजरूद्दीन ने एक आदर्श धार्मिक विद्वान के रूप में समाज में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और उनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।
विधायक ने दिवंगत आत्मा की मगफिरत की दुआ करते हुए शोक संतप्त परिवार को धैर्य और हिम्मत प्रदान करने की कामना कर मौलाना को खिराज ए अकीदत पेश की।
इस अवसर पर आफताब अहमद ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने हरियाणा की बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि शहीद हसन खां मेवाती मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाएं लगातार बदहाल होती जा रही हैं और सरकार इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों दोनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सभी विधायक पहले भी मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर धरना दे चुके हैं और लगातार आवाज उठाते रहे हैं, लेकिन हालात में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है।
विधायक ने कहा कि जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन द्वारा भी मेडिकल कॉलेज की अव्यवस्थाओं को लेकर ज्ञापन सौंपा गया है और उनकी मांगें पूरी तरह जायज हैं। उन्होंने सरकार से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, मेडिकल कॉलेज में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा क्षेत्र में बिजली और पानी जैसी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
इस दौरान उनके साथ पिनंगवा ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मुबारिक, पुनहाना ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सैफुल्लाह खान, मकसूद शिकरावा, तैयब खेडा, मास्टर राहत हुसैन, हासिम, आसिफ चंदेनी, दीना और रफीक सहित कई स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



