Gurugram News: जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सुरा व डीसी उत्तम सिंह ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
12 जुलाई को सीजेआई अत्याधुनिक टावर ऑफ जस्टिस का लोकार्पण
गुरुग्राम के अत्याधुनिक टावर ऑफ जस्टिस के आगामी 12 जुलाई को होने वाले भव्य लोकार्पण समारोह की तैयारियों को लेकर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सुरा तथा डीसी उत्तम सिंह ने आज आयोजन स्थल पर न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।
गुरुग्राम : गुरुग्राम के अत्याधुनिक टावर ऑफ जस्टिस के आगामी 12 जुलाई को होने वाले भव्य लोकार्पण समारोह की तैयारियों को लेकर जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सुरा तथा डीसी उत्तम सिंह ने आज आयोजन स्थल पर न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।

बैठक के दौरान समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बैठक व्यवस्था, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक प्रबंधों का भी जायजा लिया।
बैठक में जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सुरा ने कहा कि 12 जुलाई का यह समारोह गुरुग्राम की न्यायिक व्यवस्था के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि न्यायालय परिसर के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी गरिमा, अनुशासन एवं प्रोटोकॉल के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि न्यायिक अधिकारियों, विशिष्ट अतिथियों, अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक व्यवस्था का सूक्ष्म स्तर पर परीक्षण किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा में शेष तैयारियां पूर्ण करने तथा किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।
डीसी उत्तम सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से समारोह के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि यातायात प्रबंधन, पार्किंग, सुरक्षा, अग्निशमन, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं को पूरी गंभीरता के साथ सुनिश्चित किया जाए।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



