Rewari news: आखिरकार युवक की हत्या का कसौला थाना पुलिस ने खोल दिया राज, पत्नी समेत दो आरोपी किए गिरफ्तार

मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के संग मिलकर रची थी हत्या की साजिश

Desh Rojana
On

जिला रेवाड़ी की थाना कसोला पुलिस ने हत्या की एक ऐसी वारदात का राज खोल दिया है, जिसकी कड़ियां जुड़ नहीं रही थी। अब राज खुला तो सामने आया कि मृतक की पत्नी ने प्रेम प्रसंग के चलते अपने प्रेमी संग मिलकर इस हत्या की साजिश रची और अपने पति की लाश को हत्या करने के बाद ठिकाने भी लगा दिया मगर पुलिस की जांच ने हत्या आरोपी पत्नी के अरमानों पर पानी फेर दिया है।

रेवाड़ी: जिला रेवाड़ी की थाना कसोला पुलिस ने हत्या की एक ऐसी वारदात का राज खोल दिया है, जिसकी कड़ियां जुड़ नहीं रही थी। अब राज खुला तो सामने आया कि मृतक की पत्नी ने प्रेम प्रसंग के चलते अपने प्रेमी संग मिलकर इस हत्या की साजिश रची और अपने पति की लाश को हत्या करने के बाद ठिकाने भी लगा दिया मगर पुलिस की जांच ने हत्या आरोपी पत्नी के अरमानों पर पानी फेर दिया है।  
डीएसपी अपराध सुरेंद्र श्योराण ने प्रेसवार्ता में इस हत्या वारदात के काफी राज मीडिया के साथ साझा किए। बता दें कि थाना कसौला पुलिस ने गांव जड़थल निवासी एक 21 वर्षीय युवक की हत्या कर शव को नहर में फेंकने के मामले को सही अंजाम तक पहुंचा दिया है। 
पुलिस ने इस हत्या मामले में मृतक की पत्नी और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों की पहचान मृतक की पत्नी तन्नु (निवासी गांव कसोली) और हरिओम (निवासी गांव मुंडनवास कमालपुर) के रूप में हुई। 

WhatsApp Image 2026-07-03 at 10.26.52 PM
दोनों हत्या आरोपी प्रेसवार्ता में पुलिस टीम की गिरफ्त में।


डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण ने आज प्रेस वार्ता में बताया कि गत दिनों गांव जड़थल निवासी रतनलाल ने थाना कसौला में एक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके अनुसार, उनका 21 वर्षीय बेटा मोनू गत 8 जून की रात करीब 10 बजे अपनी इलेक्ट्रिक स्कूटी पर घर से दवा लेने निकला था, वह दोबारा घर वापस नहीं लौटा। पुलिस ने उक्त युवक की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। 
डीएसपी बावल सुरेन्द्र श्योराण ने बताया कि जांच के दौरान गत 10 जून को पुलिस को गांव आसलवास नहर में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला, जिसकी पहचान गुमशुदा मोनू के रूप में हुई। मौके पर बुलाई गई 'सीन ऑफ क्राइम' (FSL) टीम को मृतक के शरीर पर जाहिरा तौर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले थे और उसकी स्कूटी भी नहर के पास ही बरामद हुई थी, जिससे प्रथम दृष्टया मामला नहर में डूबने का प्रतीत हो रहा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया था। 

परिजनों की आशंका पर तकनीकी जांच और हत्या का खुलासा: डीएसपी श्योराण ने बताया कि मृतक मोनू के परिजनों ने इसकी हत्या की आशंका जताने पर पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लिया और तुरंत मुकदमे में हत्या की धाराएं जोड़ दी। इसके बाद पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी आधार पर गहनता से जांच शुरू की। तकनीकी जांच और कड़ियों को जोड़ने के बाद पुलिस ने वीरवार को इस हत्याकांड में संलिप्त दो मुख्य आरोपियों—मृतक की पत्नी तन्नु और हरिओम को धर दबोचा। 

शातिर दिमाग से रची गई थी कत्ल की साजिश: आरोपियों से पूछताछ में पुलिस के सामने कुछ ऐसा आया, जिसने सभी को चौंका दिया। जांच में खुलासा हुआ कि मृतक मोनू की पत्नी तन्नु का सोनू नाम के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। अपने पति मोनू को अपने रास्ते से हटाने के लिए तन्नु ने अपने प्रेमी सोनू के साथ मिलकर उसकी हत्या की खौफनाक साजिश रची। इस वारदात को अंजाम देने के लिए तन्नु ने सोनू के दो दोस्तों—हरिओम और अमन (निवासी मुंडनवास) की मदद ली। 

यूं दिया वारदात को अंजाम:  आरोपियों की योजना के मुताबिक, तन्नु ने ही फोन करके अपने पति मोनू को गांव कसोली बुलाया। जैसे ही मोनू वहां पहुंचा, वहां पहले से घात लगाकर बैठे हरिओम और उसके साथी अमन ने मोनू को दबोच लिया। आरोपियों ने मोनू का मुंह और नाक तब तक दबाए रखा, जब तक कि वह पूरी तरह बेहोश नहीं हो गया। इसके बाद साक्ष्य मिटाने और इस मामले को दुर्घटना का रूप देने के लिए उन्होंने मोनू को आसलवास नहर में फेंक दिया। 
पुलिस ने अब तक क्या कदम उठाए ; डीएसपी ने बताया: इस मामले में डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि मृतक की पत्नी के परिजनों से भी गहनता से पूछताछ की जाएगी। पुलिस इस मामले में एफएसएल की अंतिम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि मौत दम घुटने से हुई थी या पानी में डूबने से। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान वारदात में शामिल मुख्य प्रेमी सोनू और अन्य आरोपी अमन की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं, जिन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad