Nuh Mewat News: खेलो मेवात 2.0 में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 15 जुलाई तक - उपायुक्त अखिल पिलानी
किकेट, वालीबॉल, एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो की खंड स्तरीय स्पर्धाएं 22 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक होंगी
उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि जिला नूंह में खेलो मेवात 2.0 का आगाज हो चुका है। इसके तहत किकेट, वालीबॉल, एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो की खंड स्तरीय स्पर्धाएं 22 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक करवाई जाएंगी।
नूं: उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि जिला नूंह में खेलो मेवात 2.0 का आगाज हो चुका है। इसके तहत किकेट, वालीबॉल, एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो की खंड स्तरीय स्पर्धाएं 22 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक करवाई जाएंगी। इन खेलो में भाग लेने के लिए इच्छुक खिलाड़ियों को खेलो मेवात पोर्टल के लिंक- https://www.khelomewat.in/ पर ऑनलाइन पंजीकरण 15 जुलाई तक करवाना होगा। ऑफलाइन आवेदन करने की तिथि 15 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक रहेगी। प्रत्येक खंड से केवल प्रथम विजेता टीम या खिलाड़ी ही जिला स्तरीय स्पर्धा में भाग ले सकेंगे। खंड व जिला स्तर पर एक खिलाड़ी केवल अधिकतम दो ही खेलों में भाग ले सकता है। जिला स्तर पर पांच खेल नामत: कुश्ती, बॉक्सिंग, जूडो, बैडमिंटन व फुटबॉल में खिलाड़ी सीधे भाग ले सकते हैं, जिसके लिए लड़के व लडकियों का पंजीकरण एक सितंबर से 11 सितंबर 2026 तक करवाया जाएगा। इस बार ब्लॉक हथीन में भी खेल होंगे।
उपायुक्त ने बताया कि खंड तावड़ू में राजीव गांधी खेल स्टेडियम, झामुवास, खंड इंडरी में व्यायामशाला इंडरी, खंड नूंह में खेल स्टेडियम शाहपुर नंगली, खंड नगीना में राजीव गांधी खेल स्टेडियम नगीना, खंड पिनगवां में राजीव गांधी खेल स्टेडियम पिनगवां, खंड पुन्हाना में राजीव गांधी खेल स्टेडियम सिरोल, खंड फिरोजपुर झिरका में राजीव गांधी खेल स्टेडियम कामेड़ा तथा खंड हथीन में मॉडल पब्लिक सीसे स्कूल व राजकीय मॉडल संस्कृति सीसे स्कूल बुराका में सभी खेल प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि खेलो मेवात 2.0 में जिला स्तर पर जितने वाली टीमों व खिलाड़ियों को इनाम दिए जाएंगे। टीम के रूप खेले जाने वाले खेलों में प्रथम इनाम 1.5 लाख रुपए, द्वितीय इनाम एक लाख व तृतीय इनाम 50 हजार रुपए दिया जाएगा। कबड्डी, जूडो, बॉक्सिंग खेलों में तृतीय स्थान पर रहने वाली दो टीमों को इनाम दिया जाएगा। इसी प्रकार जो खेल व्यक्तिगत रूप में खेले जाएंगे, उसमें प्रथम विजेता को 7100, द्वितीय को 5100 रुपए तथा तृतीय को 3100 रुपए के इनाम दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि खंड स्तरीय स्पर्धा में क्वालीफाई करने के बाद जो खिलाड़ी जिला स्तर पर खेलेंगे, उन्हें स्पोर्टस किट प्रदान की जाएगी।

उन्होंने बताया कि खेलो मेवात 2.0 के तहत एथलेटिक्स में 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़ तथा चार गुना 100 मीटर की रिले दौड़ में खिलाड़ी को अपनी लाइन में भागना होगा। लंबी कूद व शॉट पुट में केवल तीन चांस मिलेंगे। इसी प्रकार क्रिकेट स्पर्धाओं में प्रत्येक मैच 15-15 ओवर का होगा। एक मैच में एक बॉलर चार ओवर से ज्यादा नहीं कर सकेगा। क्रिकेट टीम को अपने साथ क्रिकेट किट स्वयं लानी होगी। क्रिकेट मैच वूड्ïस बॉल से खेले जाएंगे। सभी खिलाड़ियों का स्पोर्ट्स वियर व जूतों में आना अनिवार्य होगा। क्रिकेट टीम में 17 खिलाड़ी होंगे। पावर प्ले 6 ओवर का होगा और दो खिलाड़ी बाहर होंगे। एलबीडब्ल्यू नॉट आउट होगा और नो बॉल पर फ्री हिट होगा। मैच ड्रॉ होने की स्थिति में सुपर ओवर के द्वारा निर्णय होगा। सुपर ओवर में मैच ड्रॉ होने की स्थिति में निर्णय ठोस के माध्यम से किया जाएगा। अंपायर का निर्णय अंतिम होगा।
उन्होंने बताया कि वॉलीबाल खेलों में स्कोर 25 प्वाइंट का होगा। बेस्ट ऑफ तीन मैच करवाए जाएंगे। वॉलीबाल की प्रत्येक टीम में 12 खिलाड़ी होंगे, लेकिन मैदान में 6 खिलाड़ी ही रहेंगे। वॉलीबाल खेल स्मैशिंग बॉल द्वारा ही खेला जाएगा। इसी प्रकार कबड्डी में प्रत्येक टीम में 12 खिलाड़ी होंगे, लेकिन मैदान में 7 खिलाड़ी ही खेलेंगे। इसके अलावा बाक्सिंग खेल में आठ भार वर्ग में इवेंट होंगे, जिसमें 30 से 35, 40 से 45, 45 से 50, 50 से 55, 55 से 60, 60 से 65 व 65 किलोग्राम से ऊपर शामिल हैं। खिलाड़ी को प्रॉपर ड्रेस में आना होगा। एक इवेंट में कम से कम चार खिलाड़ियों की प्रतिभागिता होने पर ही इवेंट करवाया जाएगा। जूडो खेल में लड़के व लड़कियों की आठ भार वर्ग में इवेंट होंगे, जिसमें लड़कों के भार वर्ग में 35 केजी, 40, 45, 50, 55, 60, 66 व 66 किलोग्राम से ऊपर शामिल हैं। इसमें लड़कियों के भार वर्ग में 27 केजी, 32, 36, 40, 44, 48, 52 व 52 किलोग्राम से ऊपर शामिल हैं। एक इवेंट में कम से कम चार खिलाड़ियों की प्रतिभागिता होने पर ही इवेंट करवाया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि फुटबॉल में प्रत्येक टीम में 16 खिलाड़ी होंगे। सभी खिलाड़ियों को प्रॉपर ड्रेस मे आना होगा। भारतौलन खेल में लड़के व लड़कियों के आठ भार वर्ग में इवेंट होंगे, जिसमें लड़कों के इवेंट 55 किलोग्राम, 60, 65, 70, 75, 85, 95, 110 तथा 110 किलोग्राम से ऊपर शामिल हैं। इसी प्रकार लड़कियों के इवेंट 49 किलोग्राम, 53, 57, 61, 69, 77, 86 तथा 86 किलोग्राम से ऊपर भार वर्ग में इवेंट होंगे। खो-खो खेल में प्रत्येक टीम में 12 खिलाड़ी होंगे। बैडमिंटन खेल में पूरे जिले से एमसी वार्ड या पंचायत से कोई भी इच्छुक खिलाड़ी भाग ले सकता है। खिलाड़ी को अपनी किट स्वयं लानी होगी। उन्होंने बताया कि खंड स्तरीय खेलों में प्राइज मनी नहीं दी जाएगी। इन खेलों में केवल खेलो मेवात की टी-शर्ट दी जाएगी।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



