Kaithal/ Gulha Cheeka News: फैक्ट्री में बंधक बनाकर डकैती करने के मामले में 5 हजार रुपए का इनामी आरोपी गिरफ्तार मामले में 11 आरोपी पहले ही किए जा चुके है काबू
गुहला चीका। वर्ष 2024 के दौरान यहां एक फैक्ट्री में बंधक बनाकर डकैती की वारदात को अंजाम देने के मामले की जांच एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार की अगुवाई में एएसआई संदीप कुमार की टीम द्वारा करते हुए आरोपी जिला जींद के गांव खापड़ निवासी रिंकू को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि चीका निवासी अमित कुमार की शिकायत के अनुसार उसने गुहला के गांव माजरी में शिव कैलाश ग्रीन एनेर्जी के नाम से फैक्ट्री लगा रखी है। 19/20 जनवरी की रात करीब 3 बजे उसके पास फैक्ट्री से फोन आया कि फैक्ट्री में चोरी हो गई है। इस सूचना पर वह फैक्ट्री में आया और वहां पर उसने देखा कि वर्कर काफी घबराए हुए थे। वर्कर नवीन कुमार निवासी कैलरम ने बताया कि वह फैक्ट्री मे सोए हुए थे, तो सुबह करीब 2 बजे चार लड़के कमरे के अंदर आए। उन लोगो ने अपना-अपना मुह ढका हुआ था और हाथ में लाठी व इंटे ली हुई थी। उन लोगों ने उसको चोट का भय दिखाकर व मारपीट करके उसके हाथ पैर बांधकर कहा कि यदि शोर मचाया तो जान से मार देंगे। इसके बाद उससे पूछा कि फैक्ट्री में कौन-कौन है व कितना कैश है। नवीन ने बताया कि कैश तो मालिक अपने साथ ले जाता है और अन्य वर्कर दूसरे कमरे में सो रहे हैं। उसके बाद उन लोगों ने दूसरे कमरे में सो रहे रोशन कुमार व भोला को भी बांध दिया। उक्त सभी लड़के फैक्ट्री के ट्रांसफार्मर का सामान व कैमरे की डीवीआर चोरी करके ले गए। जिस बारे थाना गुहला में मामला दर्ज किया गया। प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी रिंकू चोरी के किसी अन्य मामले में जींद जेल में बंद था, जिसके उक्त मामले में गिरफ्तारी के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए गए थे। प्रवक्ता ने बताया कि कैथल पुलिस द्वारा उक्त गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पहले ही 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी रिंकू भी उक्त गिरोह में शामिल था, जो अभी तक फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी पर पुलिस द्वारा 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



