Hansi News: आसान पासवर्ड बन सकता है साइबर अपराधियों का हथियार, मजबूत पासवर्ड अपनाएं : पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार
डिजिटल खातों की सुरक्षा के लिए हांसी पुलिस की महत्वपूर्ण एडवाइजरी
पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार ने नागरिकों से साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और मजबूत पासवर्ड अपनाने की अपील की है।
हांसी: पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार ने नागरिकों से साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और मजबूत पासवर्ड अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में अधिकांश लोग बैंकिंग, सोशल मीडिया, ई-मेल तथा अन्य ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं। ऐसे में कमजोर पासवर्ड साइबर अपराधियों के लिए खातों तक पहुंचने का आसान माध्यम बन सकते हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि कई लोग अपने नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर या 123456 जैसे सरल पासवर्ड का उपयोग करते हैं। ऐसे पासवर्ड आसानी से अनुमान लगाए जा सकते हैं, जिससे व्यक्तिगत जानकारी और बैंक खातों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ जाता है।
उन्होंने नागरिकों को सलाह दी कि अपने सभी महत्वपूर्ण ऑनलाइन खातों के लिए मजबूत और लंबा पासवर्ड रखें। पासवर्ड में बड़े और छोटे अक्षरों, अंकों तथा विशेष चिन्हों (@, #, $, &) का प्रयोग करें। साथ ही समय-समय पर पासवर्ड बदलते रहें तथा अपना पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर साइबर अपराधों से बचा जा सकता है। मजबूत पासवर्ड आपकी डिजिटल पहचान और वित्तीय सुरक्षा की पहली सुरक्षा ढाल है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी का शिकार होता है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



