Faridabad News : लोकतंत्र को सशक्त बनाने में हर मतदाता निभाए अपनी जिम्मेदारी : उपायुक्त आयुष सिन्हा

Desh Rojana
On

उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 अभियान पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ संचालित किया जा रहा है।

फरीदाबाद। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 अभियान पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो। यह अभियान निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक निष्पक्ष, विश्वसनीय एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। aa

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओ घर-घर जाकर तथा मतदान केंद्रों पर भी मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं, भरे हुए प्रपत्र प्राप्त कर उनका सत्यापन कर रहे हैं। सत्यापन के दौरान मतदाताओं की उपलब्ध जानकारी का मिलान कर आवश्यक संशोधन, फोटो, मोबाइल नंबर एवं अन्य विवरण अद्यतन किए जाएंगे। उन्होंने सभी पंजीकृत मतदाताओं से अपील की कि वे सही एवं पूर्ण जानकारी के साथ गणना प्रपत्र समय पर बीएलओ को उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में पहले से नाम दर्ज होने पर भी एसआईआर प्रक्रिया में भाग लेना अनिवार्य है। साथ ही, अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें तथा किसी भी त्रुटि की स्थिति में निर्धारित अवधि के भीतर दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत करें।

उपायुक्त आयुष ने बताया कि आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 15 जून 2026 से 14 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाने एवं एकत्रित करने का कार्य किया जा रहा है। इसके उपरांत 14 जुलाई 2026 को मतदान केंद्रों का युक्तिकरण (Rationalization) किया जाएगा। 21 जुलाई 2026 को प्रारंभिक मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी तथा 21 जुलाई से 18 सितंबर 2026 तक उनका निस्तारण किया जाएगा। इसके उपरांत 22 सितंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि यदि किसी मतदाता का नाम पूर्व की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है अथवा वर्ष 2002 की मतदाता सूची में उसका उल्लेख उपलब्ध नहीं है, तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। संबंधित व्यक्ति अपना गणना प्रपत्र जमा करें। निर्वाचन अधिकारी आवश्यक जांच एवं सत्यापन के बाद पात्र पाए जाने पर उसका नाम मतदाता सूची में शामिल करेंगे। वहीं, कोई भी व्यक्ति एक से अधिक स्थानों पर मतदाता के रूप में पंजीकरण नहीं करा सकता। ऐसा करना निर्वाचन कानून के तहत दंडनीय अपराध है।

उपायुक्त आयुष ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि बीएलओ का पूरा सहयोग दें तथा सही एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराएं। यदि बीएलओ के आने के समय कोई मतदाता घर पर उपलब्ध नहीं हो, तो वह अपना मोबाइल नंबर अथवा संपर्क विवरण उपलब्ध कराए ताकि आवश्यक होने पर उससे संपर्क किया जा सके।  उन्होंने बताया कि यदि किसी मतदाता को किसी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता की आवश्यकता हो तो वह निर्वाचन हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकता है। इसके अतिरिक्त मतदाता Voters Service Portal (voters.eci.gov.in) अथवा ECINet ऐप के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से आह्वान किया कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं, समय पर अपना गणना प्रपत्र भरें, आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराएं तथा अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इस अभियान से जोड़ें।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad