Gurugram News: दिल्ली - गुरुग्राम एक्सप्रेसवे का सफर होगा अधिक सुरक्षित और आरामदायक
बड़े पैमाने पर मेंटेनेंस और सेफ्टी अपग्रेडेशन कार्य जारी
आने वाले दिनों में दिल्ली- गुरुग्राम एक्सप्रेसवे का सफर पहले से अधिक सुरक्षित और आरामदायक होगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के निर्देशन में दिल्ली- गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर ऑपरेशन और मेंटेनेंस का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
गुरुग्राम: आने वाले दिनों में दिल्ली- गुरुग्राम एक्सप्रेसवे का सफर पहले से अधिक सुरक्षित और आरामदायक होगा।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के निर्देशन में दिल्ली- गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर ऑपरेशन और मेंटेनेंस का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। देश के सबसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्गों में शामिल इस एक्सप्रेसवे पर प्रतिदिन लगभग तीन लाख से अधिक पैसेंजर कार यूनिट का आवागमन होता है। ऐसे में सभी कार्य यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और परिचालन संबंधी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए चरणबद्ध तरीके से किए जा रहे हैं।

पिछले छह महीनों में एक्सप्रेसवे पर उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। वर्तमान ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस ठेकेदार द्वारा सड़क सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से अनेक महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए गए हैं तथा शेष कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तेजी से प्रगति पर हैं।
एक्सप्रेसवे पर सड़क मरम्मत, गड्ढों की भराई, लेन मार्किंग, रिफ्लेक्टिव रोड स्टड, साइन बोर्ड, क्रैश बैरियर एवं हाईट बैरियर की स्थापना, क्षतिग्रस्त सुरक्षा उपकरणों का प्रतिस्थापन तथा अन्य आवश्यक रखरखाव कार्य दिन-रात किए जा रहे हैं। भारी यातायात को देखते हुए अधिकांश कार्य रात्रि अथवा कम ट्रैफिक अवधि में किए जाते हैं ताकि सड़क उपयोगकर्ताओं को न्यूनतम असुविधा हो।

मानसून की तैयारियों के मद्देनजर हो रहा काम
मानसून की तैयारियों के तहत ड्रेनों, कलवर्टों, चैंबरों, इनलेट एवं आउटलेट की व्यापक सफाई और डी-सिल्टिंग की गई है। जल निकासी को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक स्थानों पर अतिरिक्त वीप होल भी बनाए गए हैं, जिससे वर्षा के दौरान जलभराव की संभावना को कम किया जा सके।
इसके अतिरिक्त ग्रीन बेल्ट का रखरखाव, झाड़ियों की कटाई, कचरा हटाने, सड़क किनारे सफाई, क्षतिग्रस्त संरचनाओं की मरम्मत तथा सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य कार्य भी लगातार किए जा रहे हैं। परियोजना टीम नियमित रूप से एक्सप्रेसवे का निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर रही है।

परियोजना अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा रहे हैं। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि रखरखाव कार्यों के दौरान यातायात संकेतों का पालन करें और सहयोग प्रदान करें, ताकि कार्य सुरक्षित एवं शीघ्रता से पूरे किए जा सकें।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



