Gurugram news: मुख्यमंत्री की घोषणाओं की प्रगति की जीएमडीए बधाई सीईओ ने समीक्षा
अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्यों को पूर्ण करने के दिए निर्देश
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण ( जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पी सी मीणा ने मुख्यमंत्री द्वारा जीएमडीए से संबंधित की गई घोषणाओं पर अब तक कार्यों पर हुई प्रगति की समीक्षा की । उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे परियोजनाओं के विभिन्न चरणों के लिए तय समय सीमा के अनुरूप कार्यों को पूर्ण करें ।
गुरुग्राम: गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण ( जीएमडीए) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पी सी मीणा ने मुख्यमंत्री द्वारा जीएमडीए से संबंधित की गई घोषणाओं पर अब तक कार्यों पर हुई प्रगति की समीक्षा की । उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे परियोजनाओं के विभिन्न चरणों के लिए तय समय सीमा के अनुरूप कार्यों को पूर्ण करें ।
बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणाओं में बड़ी परियोजनाओं पर फोकस करते हुए मीणा ने कहा कि इन कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और कार्यो की नियमित मॉनिटरिंग की जाए ताकि कहीं भी अनावश्यक देरी ना हो । जो एजेन्सी कार्य को गंभीरता से नहीं करवा रही हो तो उस पर जुर्माना लगाएं और तय समय सीमा से पहले कार्य पूर्ण करने वाली एजेन्सी को प्रोत्साहित भी करें।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि सेक्टर 77 से 80 में सीवर लाइन बिछाने का कार्य वर्तमान में आवंटन प्रक्रिया में है, जबकि सेक्टर 103 से 115 के लिए सीवरेज नेटवर्क का कार्य आवंटित किया जा चुका है और निर्माण कार्य जारी है।

सीवरेज व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि शहर की सीवेज शोधन क्षमता बढ़ाने के लिए जीएमडीए द्वारा कई नई एसटीपी परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं। नौरंगपुर में 40 एमएलडी तथा धनवापुर में 100 एमएलडी क्षमता के एसटीपी के लिए निविदाएं जारी की जा चुकी हैं। इसके अलावा, बेहरामपुर और सेक्टर-107 में प्रस्तावित 100-100 एमएलडी क्षमता के एसटीपी की निविदाएं 15 जुलाई तक जारी कर दी जाएंगी। वर्तमान में शहर में 433 एमएलडी क्षमता के 7 एसटीपी संचालित हैं। नई परियोजनाएं पूरी होने के बाद शहर की कुल सीवेज शोधन क्षमता बढ़कर 773 एमएलडी हो जाएगी। श्री मीणा ने निर्देश दिए कि नए एसटीपी आधुनिक तकनीक से लैस हों तथा निर्धारित जल गुणवत्ता मानकों के अनुरूप बनाए जाएं।
बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि सेक्टर-102 स्थित श्री माता शीतला देवी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल लगभग 679.08 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना में 150 सीटों वाला मेडिकल कॉलेज तथा 883 बिस्तरों वाला अस्पताल शामिल है और इसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। अधिकारियों ने बताया कि इस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के संचालन एवं रखरखाव के लिए पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत निविदाएं आमंत्रित की जा चुकी हैं। श्री मीणा ने शेष कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह परियोजना शुरू होने के बाद गुरुग्राम की बड़ी आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। पेयजल परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 70.20 करोड़ रुपये की लागत से विकसित 100 एमएलडी क्षमता वाले चंदू बुढेड़ा जल शोधन संयंत्र (डब्ल्यूटीपी) की यूनिट-4 का संचालन शुरू हो चुका है। इसके साथ ही शहर में जीएमडीए की कुल जल शोधन एवं आपूर्ति क्षमता बढ़कर 670 एमएलडी हो गई है। इसके अलावा, चंदू बुढेड़ा जल शोधन संयंत्र की 100 एमएलडी क्षमता वाली यूनिट-5 का निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में है।




