Nuh Mewat News: सामूहिक दुष्कर्म कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाला मुख्य आरोपी जाहुल गिरफ्तार
पुलिस की कड़ी कार्रवाई के बाद मुख्य आरोपी दबोचा, 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया
नूंह जिले के बिछौर थाना क्षेत्र में करीब एक माह पहले सामने आए सामूहिक दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
नूंह: नूंह जिले के बिछौर थाना क्षेत्र में करीब एक माह पहले सामने आए सामूहिक दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। युवती को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में फरार चल रहे मुख्य आरोपी जाहुल को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी जाहुल पुत्र मुबीन निवासी इन्दाना को पकड़ने के बाद पुलिस अब बाकी चार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। रविवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
गौरतलब है कि इस घटना के बाद से इलाके में भारी आक्रोश था। करीब दो सप्ताह तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर 36 बिरादरी के लोगों ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया था और डीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई थी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी दिनेश कुमार यादव के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की थीं, जो लगातार अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही थीं। इसी कड़ी मेहनत के चलते मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। बिछौर थाना प्रभारी सुखबीर ने बताया कि आरोपी से रिमांड के दौरान गहन पूछताछ की जाएगी, जिससे मामले से जुड़े अन्य अहम तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है। फिलहाल पूरे मेवात की नजर इस मामले की जांच और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है।
क्या कहते हैं डीएसपी दिनेश कुमार यादव:

डीएसपी दिनेश कुमार यादव ने बताया कि पुलिस उच्च अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर पूरी गंभीरता से काम कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के कठघरे में खड़ा किया जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
क्या कहते हैं एसपी डॉ. अर्पित जैन

एसपी डॉ. अर्पित जैन ने कहा कि इस मामले में पुलिस की पांच टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं और वह स्वयं भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि मेवात में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है। जो भी आरोपी की मदद करने या उसे पनाह देने में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



