Gurugram News: गुरुग्राम-फरीदाबाद-ग्रेटर नोएडा नमो भारत कॉरिडोर की जल्द बनेगी डीपीआर

सेक्टर 56 से पचगांव तक मेट्रो विस्तार की योजना को भी लगे पंख, डीपीआर तैयार, अब सीएम की मंजूरी के लिए भेजी जाएगी

Desh Rojana
On

गुरुग्राम से फरीदाबाद और नोएडा, ग्रेटर नोएडा तक नमो भारत कॉरिडोर की जल्द ही डीआईआर तैयार की जाएगी। सोमवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस परियोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। उम्मीद है कि इसी साल इस परियोजना पर काम शुरू हो जाएगा।

गुरुग्राम : गुरुग्राम से फरीदाबाद और नोएडा, ग्रेटर नोएडा तक नमो भारत कॉरिडोर की जल्द ही डीआईआर तैयार की जाएगी। सोमवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में इस परियोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। उम्मीद है कि इसी साल इस परियोजना पर काम शुरू हो जाएगा। इसके अलावा सेक्टर 56 से पचगांव तक भी मेट्रो विस्तार की योजना आगे बढ़ गई है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने बैठक के बाद बताया कि हरियाणा और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाली कई महत्वपूर्ण मेट्रो और नमो भारत परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की।
प्रमुख परियोजनाओं में सेक्टर-56 गुरुग्राम से पचगांव तक प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर शामिल है। लगभग 35.25 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड कॉरिडोर में 28 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इसकी अंतिम विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर मुख्यमंत्री की स्वीकृति के लिए भेजी जा रही है।namooo
 
दो घंटे की बजाय 40 मिनट में पहुंचेंगे ग्रेटर नोएडा 
बता दें कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा नमो भारत आरआरटीएस कॉरिडोर के अंतिम अलाइनमेंट को मंजूरी दी थी। करीब 15 हजार करोड़ रुपये की यह परियोजना राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में लोगों के लिए फायदेमंद होगी।
हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच क्रॉस-सिटी यात्रा लोगों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं रही है। जाम, लंबा समय और अनिश्चितता रोजमर्रा की समस्या रही है। नए कॉरिडोर के शुरू होने के बाद तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी। गुरुग्राम से नोएडा का सफर, जो अभी सड़क मार्ग से डेढ़ से दो घंटे तक लेता है, यह घटकर महज 38 से 40 मिनट रह जाएगा। काम होने के बाद गुरुग्राम से फरीदाबाद की दूरी अब 20 मिनट में तय हो सकेगी, जो अभी फिलहाल एक घंटे से अधिक है।
 
हर  सात मिनट में मिलेगी ट्रेन 
180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ने वाली नमो भारत ट्रेनें हर 5 से 7 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी, जिससे दिल्ली की भीड़भाड़ वाली सड़कों पर निर्भरता काफी कम हो जाएगी।
 
ये है प्रस्तावित रूट प्लान
गुरुग्राम रूट 14.5 किमी का होगा, जिसकी शुरुआत इफ्को चौक से होगी।
यह मिलेनियम सिटी सेंटर, सेक्टर-52 और ग्वाल पहाड़ी जैसे प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ेगा।
फरीदाबाद सेक्शन 16 किमी लंबा होगा, जो सैनिक कॉलोनी, एनआईटी और बाटा चौक जैसे आबादी वाले इलाकों से होकर गुजरेगा और आगे बढ़ते हुए बादशाहपुर के पास तक पहुंचेगा।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा की कनेक्टिविटी एफएनजी एक्सप्रेसवे के जरिए सेक्टर 141/168 क्षेत्र से जुड़ेंगी और इसका अंतिम स्टेशन सूरजपुर जंक्शन होगा।
 
दिसंबर तक शुरू हो सकता है निर्माण
कॉरिडोर 64 किमी लंबा होगा, जिसमें 52 किमी हिस्सा हरियाणा में आएगा। रूट पर 18 आधुनिक स्टेशन बनाए जाएंगे। खास बात यह है कि इसे डुअल मॉडल यानी आरआरटीएस और मेट्रो के संयुक्त सिस्टम के रूप में विकसित किया जाएगा। एक ही ट्रैक पर हाई स्पीड नमो भारत ट्रेन और लोकल मेट्रो दोनों संचालित होंगी।
 
मेट्रो यात्रियों की संख्या में वृद्धि
बैठक में बताया गया कि इस साल जनवरी से मई के दौरान एचएमआरटीसी ने 9.18 करोड़ रुपये का अधिशेष (सरप्लस) दर्ज किया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में निगम को 1.98 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। निगम की कुल आय लगभग 47 फीसदी बढ़कर 35 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 23.76 करोड़ रुपये थी। यह वृद्धि बेहतर परिचालन प्रदर्शन और परिसंपत्तियों के प्रभावी व्यावसायिक उपयोग का परिणाम है। बैठक में बताया गया कि गैर-किराया राजस्व में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है, जो पिछले वर्ष 6.42 करोड़ रुपये से बढ़कर 16.16 करोड़ रुपये हो गया। विज्ञापन अधिकारों की ई-नीलामी, मेट्रो परिसंपत्तियों के व्यावसायिक उपयोग तथा स्टेशन आधारित गतिविधियों से प्राप्त आय में महत्वपूर्ण योगदान रहा। किराया आय में भी 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई। आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी के बावजूद खर्च पर नियंत्रण बनाए रखा गया। जनवरी-मई 2026 के दौरान कुल व्यय 25.82 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह 25.74 करोड़ रुपये था। परिचालन व्यय में मात्र 0.31 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
एचएमआरटीसी के प्रबंध निदेशक  चंद्रशेखर खरे ने बोर्ड को बताया कि *रैपिड मेट्रो सेवा के प्रति यात्रियों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में 80.76 लाख यात्रियों ने मेट्रो सेवा का उपयोग किया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 73.81 लाख थी। इस प्रकार यात्री संख्या में 9.41 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
 
मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने बैठक में हरियाणा और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाली कई महत्वपूर्ण मेट्रो और नमो भारत परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की।
 
प्रमुख परियोजनाओं में *सेक्टर-56 गुरुग्राम से पंचगांव तक प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर* शामिल है। लगभग 35.25 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड कॉरिडोर में 28 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इसकी अंतिम विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर मुख्यमंत्री की स्वीकृति के लिए भेजी जा रही है।
 
 इन परियोजनाओं पर भी हुई चर्चा 
बैठक में बल्लभगढ़-पलवल मेट्रो विस्तार परियोजना की भी समीक्षा की गई। लगभग 30.30 किलोमीटर लंबे इस प्रस्तावित कॉरिडोर में 18 एलिवेटेड स्टेशन बनाए जाने हैं। इसके अलावा बहादुरगढ़-आसौदा मेट्रो कॉरिडोर के लिए अंतिम यात्री मांग आकलन (राइडरशिप असेसमेंट) पूरा हो चुका है।
नरेला-कुंडली मेट्रो विस्तार परियोजना पर जानकारी दी गई कि हरियाणा सरकार ने परियोजना के लिए 10 हेक्टेयर भूमि नि:शुल्क उपलब्ध कराने को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है। इससे लंबे समय से लंबित इस परियोजना को महत्वपूर्ण गति मिलने की उम्मीद है। बैठक में दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत कॉरिडोर की संशोधित डीपीआर की भी समीक्षा की गई। 136.3 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी परियोजना की अनुमानित लागत 33,000 करोड़ रुपये से अधिक है। परियोजना को जन निवेश बोर्ड तथा हरियाणा सरकार की मंजूरी पहले ही प्राप्त हो चुकी है।ब
 
 
 
 
 
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad