Palwal News : केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने पलवल में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम में किया योगाभ्यास
जिला पलवल में भव्य रूप से मनाया गया जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम
पलवल की बृज भूमि उस समय योगमय हो गई जब रविवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह और गरिमामयी वातावरण में हुआ।
पलवल: पलवल की बृज भूमि उस समय योगमय हो गई जब रविवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन बड़े उत्साह और गरिमामयी वातावरण में हुआ। हरियाणा आयुष विभाग, हरियाणा योग आयोग, जिला प्रशासन तथा जिला आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस जिला स्तरीय योग कार्यक्रम में केंद्र सरकार में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और दीप प्रज्जवलित कर योग दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ किया और निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल अनुसार योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर हजारों की संख्या में लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन जीने और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। जिला आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत योगाभ्यास कराया गया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में कोलकाता में आयोजित राष्ट्र स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मुख्य आतिथ्य में हरियाणा प्रदेश के जिला पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के संदेश का प्रसारण भी किया गया।.jpg)
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने नागरिकों को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए योग को एक दिन की नहीं बल्कि दैनिक आदत बनाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने स्वीकार किया है। योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि मानसिक तनाव को कम कर जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने देश और दुनिया के लोगों को योग से जोड़ने का ऐतिहासिक काम किया है।
मुख्य अतिथि कृष्णपाल गुर्जर ने युवाओं से योग को जीवन में अपनाकर ‘नशामुक्त भारत-नशा मुक्त हरियाणा’ के संकल्प को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मानव जीवन को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक बनाने का एक वैश्विक अभियान है। आज जब पूरी दुनिया तनाव, भागदौड़, अनियमित जीवनशैली और अनेक स्वास्थ्य चुनौतियों का सामना कर रही है, तब योग एक ऐसा माध्यम बनकर उभरा है जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज की आधुनिक जीवनशैली ने हमें अनेक सुविधाएं तो दी हैं, लेकिन इसके साथ-साथ कई चुनौतियां भी सामने आई हैं। तनाव, अवसाद, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा, हृदय रोग, अनिद्रा और मानसिक असंतुलन जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। विशेष रूप से युवाओं में मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया पर अत्यधिक निर्भरता के कारण शारीरिक गतिविधियां कम हो रही हैं। ऐसे समय में योग एक प्रभावी समाधान के रूप में सामने आया है।.jpg)
योग में है विपरीत परिस्थितियों में भी संतुलन बनाए रखना ही वास्तविक शक्ति : केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान पूरी दुनिया ने योग की शक्ति को महसूस किया। उस कठिन समय में योग और प्राणायाम ने लाखों लोगों को मानसिक शांति, सकारात्मक सोच और बेहतर स्वास्थ्य प्रदान किया। योग ने हमें यह सिखाया कि विपरीत परिस्थितियों में भी संतुलन बनाए रखना ही वास्तविक शक्ति है। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों के लिए योग अत्यंत लाभकारी है।
‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में स्वस्थ और सक्षम नागरिक समाज की है आवश्यकता : कृष्णपाल गुर्जर
केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि आज जब भारत ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, तब देश के लिए एक स्वस्थ और सक्षम नागरिक समाज की आवश्यकता और भी बढ़ जाती है। स्वस्थ नागरिक ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं। इसलिए योग केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का विषय नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण का भी महत्वपूर्ण आधार है। आओ हम सब मिलकर संकल्प लें कि ‘हम प्रतिदिन योग करेंगे, स्वस्थ जीवन अपनाएंगे, तनाव मुक्त समाज बनाएंगे और स्वस्थ, सशक्त एवं ‘विकसित भारत’ के निर्माण में अपना योगदान देंगे। उन्होंने इस अवसर पर योग को आगे लेकर जाने में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रशस्ति पत्र सौंपकर सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर, पुलिस अधीक्षक नितीश अग्रवाल, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (प्रथम) पलवल हेम राज मित्तल, अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पलवल सुनील कुमार, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमआईसी) पलवल आकृति वर्मा, पूर्व मंत्री सुभाष कत्याल, पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख दीपक मंगला, सीईओ जिला परिषद जितेंद्र कुमार, डीएमसी मनीषा शर्मा, सीटीएम प्रीति रावत, जिला आयुष विभाग के जिला आयुर्वेद अधिकारी डा. हमीदुल्लाह, डा. मोहम्मद इरफान, डा. कुलदीप कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।



