Rewari news: नीट परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने किए हैं व्यापक प्रबंध
पुलिस के साथ सेंटरों पर पैरा मिलिट्री फोर्स भी रहेगी तैनात : डीसी
शनिवार को डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को सुरक्षित एवं शांत वातावरण में संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। पुलिस के साथ आईटीबीपी के जवान भी परीक्षा केंद्रों पर तैनात रहेंगे। इसके साथ ही जिले में 21 जून को होने जा रही राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा(नीट) सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त कर दिए गए हैं।
रेवाड़ी: शनिवार को डीसी अभिषेक मीणा ने कहा कि 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को सुरक्षित एवं शांत वातावरण में संपन्न करवाने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। पुलिस के साथ आईटीबीपी के जवान भी परीक्षा केंद्रों पर तैनात रहेंगे। इसके साथ ही जिले में 21 जून को होने जा रही राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा(नीट) सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी नियुक्त कर दिए गए हैं।

परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था हो: डीसी ने बताया कि इस परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांति के साथ संपन्न करवाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं और सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास करीब 200 मीटर के दायरे में नो व्हीकल जोन लागू रहेगा। इस दौरान किसी भी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, जिससे परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति और अनुशासन बनाए रखा जा सके। फोटोस्टेट की दुकानें और कोचिंग सेंटर शनिवार से ही बंद कर दिए गए हैं। परीक्षार्थियों के आवागमन के लिए सभी रूटों पर रोडवेज की बस सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। परीक्षार्थी के लिए बस सेवा नि:शुल्क रहेगी।
12 परीक्षा केंद्र : 3937 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा: डीसी ने बताया कि जिला में आयोजित होने वाली नीट-यूजी परीक्षा के लिए 12 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर 3937 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। उन्होंने बताया कि जिला रेवाड़ी में राजकीय महिला महाविद्यालय रेवाड़ी, राजकीय (बाल) वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी, पीएम श्री राजकीय बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय नैचाना, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय रेवाड़ी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोकलगढ़, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सहारनवास, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बावल, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गुरावड़ा, राजकीय पॉलिटेक्निक लिसाना रेवाड़ी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बूढ़पुर, पीएम श्री वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिठवाना में नीट परीक्षा आयोजित होगी।
ये चीजें केंद्र में ले जाने पर लगी पाबंदी: डीसी ने बताया कि बैंक से परीक्षा केंद्र तक प्रश्न - पत्र सीलबंद बॉक्स में पहुंचाए जाएंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर आदि लगा दिए गए हैं। परीक्षा केंद्र में प्रवेश किए जाने के बाद हर एक परीक्षार्थी की बायोमैट्रिक हाजिरी लगवाई जाएगी और उसकी तलाशी ली जाएगी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र में प्रवेश सुबह 11 बजे शुरू होगा और दोपहर 01.30 बजे गेट बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा का समय 2 बजे से 5.15 तक रहेगा। परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव जैसे सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। साथ ही ज्योमेट्री बॉक्स, प्लास्टिक पाउच, राइटिंग पैड, स्केल और इरेजर जैसी वस्तुएं भी ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा वॉलेट, हैंडबैग, बेल्ट, टोपी या किसी भी प्रकार के धातु के आभूषण पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।
डीसी ने बताया कि नीट परीक्षा को लेकर डिजिटल मीडिया पर किसी ने भ्रामक प्रचार किया तो उसके विरुद्ध आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।




