Palwal news: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जारी, पलवल के 74,590 किसानों को मिलेगा लाभ

जिले के किसानों के खातों में 14.91 करोड़ रुपये से अधिक की राशि होगी हस्तांतरित : कृषि उपनिदेशक डॉ. बाबूलाल

Desh Rojana
On

भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के अंतर्गत शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर हुगली से देशभर के करोड़ों किसानों के बैंक खातों में 23वीं किस्त की राशि हस्तांतरित की गई। इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग पलवल द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र मंडकोला में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के सैकड़ों किसानों ने भाग लिया और कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

पलवल:  भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के अंतर्गत शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर हुगली से देशभर के करोड़ों किसानों के बैंक खातों में 23वीं किस्त की राशि हस्तांतरित की गई। इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण विभाग पलवल द्वारा कृषि विज्ञान केंद्र मंडकोला में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले के सैकड़ों किसानों ने भाग लिया और कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा।

WhatsApp Image 2026-06-21 at 12.30.42 AM
कृषि उप निदेशक डॉ. बाबूलाल ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 9.44 करोड़ से अधिक पात्र किसान परिवारों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी गई है। उन्होंने कहा कि यह योजना किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और खेती-किसानी की आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
कृषि उप निदेशक डॉ. बाबूलाल ने बताया कि जिला पलवल में इस योजना के अंतर्गत 74,590 किसानों के बैंक खातों में लगभग 14 करोड़ 91 लाख 80 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है, जिससे किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवश्यक आर्थिक सहयोग प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के जीवन स्तर में सुधार लाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने की दिशा में एक प्रभावी पहल सिद्ध हुई है। योजना के माध्यम से किसानों को समय पर वित्तीय सहायता मिलने से बीज, उर्वरक, कृषि उपकरण एवं अन्य आवश्यक कृषि कार्यों में सुविधा मिलती है।
कृषि उप निदेशक ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी ई-केवाईसी, आधार सत्यापन तथा बैंक खाते से संबंधित जानकारी को समय पर अपडेट रखें, ताकि भविष्य में मिलने वाली किस्तों का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त हो सके। यदि किसी किसान को योजना से संबंधित किसी प्रकार की समस्या आती है तो वह अपने निकटतम कृषि कार्यालय अथवा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर संपर्क कर सकता है। उन्होंने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग पलवल द्वारा किसानों को विभिन्न कृषि एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी निरंतर उपलब्ध करवाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक किसान सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर समृद्धि की ओर अग्रसर हो सकें। कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना से उन्हें खेती-बाड़ी के कार्यों में समय पर आर्थिक सहायता प्राप्त होती है, जिससे कृषि कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने में मदद मिलती है।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad