Hansi News: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ धरना कमेटी की बैठक रही सकारात्मक , चानौत गांव को भाखड़ा नहर से स्वतंत्र पाइपलाइन बिछाकर उपलब्ध करवाया जाएगा पर्याप्त स्वच्छ पेयजल: कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा
प्रदेश के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि चनौत गांव की पेयजल समस्या को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और धरना कमेटी के बीच हुई बैठक सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई है।
हांसी: प्रदेश के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि चनौत गांव की पेयजल समस्या को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और धरना कमेटी के बीच हुई बैठक सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई है। इस बैठक में गांव की पेयजल समस्या सहित विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि भाखड़ा नहर से चनौत गांव तक अलग पाइपलाइन बिछाकर पर्याप्त स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठक में गांववासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के प्रति पूर्ण प्रतिबद्धता जताई है।
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा शुक्रवार को स्थानीय लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे ।

इस दौरान उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बड़ा निर्णय लेते हुए चानौत गांव के विकास कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की। इतना ही नहीं, उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को राशि जारी करने के निर्देश भी दिए, ताकि गांव में विकास कार्यों को जल्द गति मिल सके। उन्होंने यह भी कहा है की गांव के विकास के लिए अन्य कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर करवाए जाएंगे।
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने आगे बताया कि मुख्यमंत्री ने धरना कमेटी को भरोसा दिलाया कि चानौत गांव के विकास में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।
बैठक में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता है कि चानौत गांव को भाखड़ा नहर से पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बताया कि धरना कमेटी को आश्वस्त किया गया है कि इस दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और गांव की पेयजल समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि हांसी शहर के लिए अमरूत-2 योजना के तहत बिछाई जा रही पाइपलाइन से टी-कनेक्शन लगाकर पानी देना नियमों के विरुद्ध है। क्योंकि इस योजना के तहत केवल मात्र शहरी क्षेत्र को ही पानी उपलब्ध करवाया जा सकता है। कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि भाखड़ा नहर से हांसी शहर के लिए बिछाई जा रही पाइप लाइन में अवैध कनेक्शन लगाने कुछ लोगों की पहचान की जा चुकी है ,दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं और सरकार व प्रशासन के साथ सहयोग करें। सरकार गांव की हर समस्या के समाधान और विकास के लिए पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रही है।
इस अवसर पर विधायक विनोद भयाना, भाजपा जिला अध्यक्ष अशोक सैनी, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, विधायक के राजनीतिक सलाहकार दिनेश भूटानी,भाजपा जिला महामंत्री धर्मवीर रतेरिया, मंडल अध्यक्ष तनुज खुराना सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



