Nuh Mewat/Taudu News: नूंह के लिए ऐतिहासिक होगा 12 जुलाई का दिन चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया करेंगे झामुवास में न्यायिक परिसर का शिलान्यास

50 से अधिक हाईकोर्ट जज रहेंगे मौजूद

Desh Rojana
On

जिले के तावडू उपमंडल अंतर्गत गांव झामुवास में 12 जुलाई को आयोजित होने वाला उपमंडल स्तरीय न्यायिक परिसर का शिलान्यास समारोह मेवात क्षेत्र के न्यायिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने जा रहा है। भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचेंगे और न्यायिक परिसर के शिलान्यास के साथ क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण न्यायिक सौगातें देंगे।

तावड़ू। जिले के तावडू उपमंडल अंतर्गत गांव झामुवास में 12 जुलाई को आयोजित होने वाला उपमंडल स्तरीय न्यायिक परिसर का शिलान्यास समारोह मेवात क्षेत्र के न्यायिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने जा रहा है। भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचेंगे और न्यायिक परिसर के शिलान्यास के साथ क्षेत्र को कई महत्वपूर्ण न्यायिक सौगातें देंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और न्यायिक प्रशासन ने व्यापक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं।
 
CHIEF JUSTICE OF INDIA
 
शुक्रवार को गांव झामुवास बस्थित क्रिकेट मैदान और प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल पर जिला प्रशासन एवं न्यायिक अधिकारियों की संयुक्त टीम ने करीब सवा घंटे तक बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशील गर्ग, उपायुक्त अखिल पिलानी, पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन, अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति, सीजेएम छवि गोयल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) की अध्यक्ष नेहा गुप्ता, तावडू एसडीएम जितेंद्र गर्ग, डीएसपी अभिमन्यु लोहान, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
 
निरीक्षण के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुशील गर्ग ने बताया कि यह अवसर पूरे मेवात क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने कहा कि समारोह में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट सहित देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों के करीब 50 न्यायाधीश उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान झामुवास में प्रस्तावित न्यायिक परिसर का शिलान्यास किया जाएगा। साथ ही पुन्हाना के लिए पांच कोर्स फाऊंडेशन स्टोन का उद्घाटन होगा। चीफ जस्टिस ऑफ़ इंडिया के अलावा सुप्रीम कोर्ट के चार जज और मौके पर उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा विभिन्न न्यायिक अधिकारियों के आवासीय परिसरों का उद्घाटन भी किया जाएगा।
 
उन्होंने बताया कि समारोह में आंध्र प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मेडम लीजा, संध्या वालिया हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश तथा पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के अनेक वरिष्ठ न्यायाधीश भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट और विभिन्न उच्च न्यायालयों से जुड़े वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी कार्यक्रम में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल क्षेत्र में न्यायिक ढांचे को मजबूत करने और लोगों को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम साबित होगी। कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल माध्यम से पुनहाना में बनने वाले पांच कोर्ट वाले न्यायिक परिसर तथा न्यायिक अधिकारियों के आवासीय भवनों का उद्घाटन भी किया जाएगा।
 
उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि करीब नौ एकड़ भूमि पर विकसित होने वाले उपमंडल स्तरीय न्यायिक परिसर के लिए सभी प्रशासनिक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य अतिथि चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के स्वागत और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पार्किंग, बैठक व्यवस्था, मंच, सुरक्षा, आगंतुकों की आवाजाही और सलामी समारोह सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई है। झामवास के क्रिकेट मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह के लिए मंच निर्माण और अन्य आधारभूत व्यवस्थाओं का कार्य तेजी से चल रहा है तथा 12 जुलाई से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। कार्यक्रम को मेवात की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने के लिए विशेष पारंपरिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया जाएगा।
 
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के स्वागत अवसर पर पद्मश्री सम्मानित मेवाती लोक कलाकार एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त भपंगावादक जफरुद्दीन मेवाती अपनी विशेष प्रस्तुति देंगे। मेवात की समृद्ध लोक संस्कृति और संगीत परंपरा को दर्शाने वाला यह कार्यक्रम समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेगा तथा देशभर से आने वाले अतिथियों को क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराएगा।उपायुक्त ने कहा कि यह कार्यक्रम न केवल नूंह जिले बल्कि पूरे मेवात क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। प्रशासन की ओर से पारंपरिक मेवाती आतिथ्य के अनुरूप स्वागत की तैयारियां भी की जा रही हैं और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए सभी रूट प्लान को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
 
पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पांच डीएसपी के नेतृत्व में करीब 500 पुलिस जवान तैनात किए जाएंगे। सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं और कार्यक्रम स्थल से लेकर आगमन एवं प्रस्थान मार्गों तक विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस विभाग आपसी समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। वही मेवात के वरिष्ठ अधिवक्ता हासम खान, शाहिद चीला, रमजान चौधरी, नूरुद्दीन नूर यूनुस गोयला, गगन नागपाल आदि ने इसका स्वागत किया है।
 
गौरतलब है कि तावडू उपमंडल क्षेत्र में न्यायिक परिसर और मिनी सचिवालय की स्थापना से लोगों को प्रशासनिक और न्यायिक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी। वर्तमान में विभिन्न कार्यालय अस्थायी भवनों में संचालित हो रहे हैं।
 
 
Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

NELOFER HASHMI Picture

नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्‍स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad