Gurugram News: पल्स पोलियो अभियान : दूसरे दिन डोर-टू डोर, करीब 85 प्रतिशत लक्ष्य पूरा
डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में जिले में चल रहे तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने डोर-टू-डोर अभियान के तहत घर-घर पहुंचकर पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई।
गुरुग्राम: डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में जिले में चल रहे तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने डोर-टू-डोर अभियान के तहत घर-घर पहुंचकर पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले का कोई भी बच्चा जीवनरक्षक पोलियो की दो बूंद से वंचित न रहे तथा गुरुग्राम को पूर्णतः पोलियो मुक्त बनाए रखने के राष्ट्रीय संकल्प को और अधिक मजबूती मिले।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. जयप्रकाश ने बताया कि डोर-टू-डोर अभियान के तहत दो दिनों में जिले के 3 लाख 95 हजार 808 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के दूसरे दिन तक 3 लाख 34 हजार 361 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जा चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 85 प्रतिशत है। उन्होंने विश्वास जताया कि तीसरे एवं अंतिम दिन शेष बच्चों तक पहुंचकर लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा कर लिया जाएगा।
डॉ. जयप्रकाश ने अभियान के दौरान शहरी क्षेत्रों के विभिन्न स्लम इलाकों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों द्वारा घर-घर जाकर किए जा रहे कार्यों का जायजा लिया तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा पोलियो रोधी खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने टीमों को संवेदनशील एवं उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रत्येक परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि यदि किसी कारणवश उनके बच्चे को अब तक पोलियो की खुराक नहीं मिल सकी है, तो अभियान के अंतिम दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमों के सहयोग से अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और जिले को पोलियो मुक्त बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



