Gurugram /Sohna News: दमदमा रोड पर सिटी बस सेवा को पुनः बहाल करने की मांग ने पकड़ा जोर
दमदमा रोड पर सिटी बस सेवा को पुनः शुरू करने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। करीब दो वर्षों पहले तक इस मार्ग पर सिटी बस सेवा संचालित होती रही, लेकिन सड़क क्षतिग्रस्त होने के चलते इसे बंद कर दिया गया था। अब सोहना से भौंडसी तक जाने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग का पुनर्निर्माण लगभग पूरा होने की स्थिति में है, जिसके बाद क्षेत्र के लोगों ने एक बार फिर इस रूट पर बस सेवा बहाल करने की मांग तेज कर दी है।
सोहना। दमदमा रोड पर सिटी बस सेवा को पुनः शुरू करने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। करीब दो वर्षों पहले तक इस मार्ग पर सिटी बस सेवा संचालित होती रही, लेकिन सड़क क्षतिग्रस्त होने के चलते इसे बंद कर दिया गया था। अब सोहना से भौंडसी तक जाने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग का पुनर्निर्माण लगभग पूरा होने की स्थिति में है, जिसके बाद क्षेत्र के लोगों ने एक बार फिर इस रूट पर बस सेवा बहाल करने की मांग तेज कर दी है। दमदमा रोड रिठौज, सहजावास, बहल्पा, खेड़ला, दमदमा, अभयपुर, सिरसका, लोहटकी और खाइका सहित और भी कई गांवो को जोङता है। पहले सिटी बस पूरे रूट पर संचालित होती थी, लेकिन फिलहाल यह सेवा केवल बहल्पा तक सीमित है। बहल्पा से आगे के गांवों के लोगों के लिए सार्वजनिक परिवहन का कोई प्रभावी साधन उपलब्ध नहीं है। इस कारण छात्र-छात्राओं, नौकरीपेशा लोगों, मजदूरों और आम नागरिकों को रोजाना भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।

वरिष्ठ अधिवक्ता हेमराम बाबूजी का कहना है कि दमदमा रोड क्षेत्र के हजारों लोग रोजाना गुरुग्राम और सोहना की ओर आवागमन करते हैं, लेकिन बस सेवा बंद होने के कारण लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है। प्रशासन को इस दिशा में जल्द निर्णय लेना चाहिए।
अजीत प्रधान का कहना है कि इस रूट पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं स्कूल और कॉलेजों में पढ़ने के लिए सफर करते हैं। सार्वजनिक परिवहन सुविधा नहीं होने के कारण युवाओं को रोजाना दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
रकम पहलवान का कहना है कि पहले सिटी बस सेवा होने से गरीब, मजदूर और सामान्य परिवारों को काफी राहत मिलती थी, लेकिन सेवा बंद होने के बाद सबसे ज्यादा परेशानी उन्हीं लोगों को उठानी पड़ रही है जो रोजाना यात्रा करते हैं।
सचिन चौधरी का कहना है कि दमदमा रोड लगातार विकसित हो रहा क्षेत्र है और यहां आवाजाही भी तेजी से बढ़ी है। ऐसे में मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की जरूरत पहले से कहीं ज्यादा महसूस की जा रही है।
महेश चेयरमैन का कहना है कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस मांग को उठा रहे हैं। सरकार और संबंधित विभाग को जनहित के इस मुद्दे पर प्राथमिकता के आधार पर फैसला लेकर जल्द बस सेवा दोबारा शुरू करनी चाहिए।
कांग्रेस नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष शैलेश चेयरमैन का कहना है कि बहल्पा से आगे पड़ने वाले गांवों के लोग आज पूरी तरह निजी साधनों पर निर्भर हैं। बुजुर्गों, महिलाओं, छात्रों और मजदूर वर्ग के लिए यह स्थिति काफी परेशानी भरी है। प्रशासन को जल्द सकारात्मक कदम उठाकर पूरे रूट पर सिटी बस सेवा बहाल करनी चाहिए।

About The Author
नीलोफर हाशमी, देश रोजाना ऑनलाइन में सीनियर पत्रकार हैं। वे करंट अफेयर्स, ह्यूमन नेचर, सोशल और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरें बनाती हैं। मीडिया में नीलोफर को सालों का अनुभव है।
संबंधित समाचार



