Tawdu/ Nuh News: वांछित आरोपी की तलाश में पहुंची सीआईए टीम और ग्रामीणों के बीच टकराव, युवक घायल, फायरिंग के आरोपों की जांच जारी

Desh Rojana
On

उपमंडल के अंतर्गत सदर थाना क्षेत्र के गांव खरकड़ी में मंगलवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब एक वांछित आरोपी की तलाश में पहुंची सोहना सीआईए टीम और ग्रामीणों के बीच टकराव हो गया। 

तावडू: उपमंडल के अंतर्गत सदर थाना क्षेत्र के गांव खरकड़ी में मंगलवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई, जब एक वांछित आरोपी की तलाश में पहुंची सोहना सीआईए टीम और ग्रामीणों के बीच टकराव हो गया। घटना के दौरान आरोपी जुनैद उर्फ जुन्ना घायल हो गया, जबकि ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच सभी पहलुओं से किए जाने की बात कही है।WhatsApp Image 2026-06-30 at 11.27.46 PM (3)
जानकारी के अनुसार सोहना सीआईए की टीम किसी आपराधिक मामले में वांछित बताए जा रहे गांव खरखड़ी निवासी जुनैद उर्फ जुन्ना की तलाश में उसके घर पहुंची थी। पुलिस को उसके घर पर होने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस ने मकान को चारों ओर से घेर लिया और तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान जुनैद ने भागने का प्रयास किया। ग्रामीणों और आरोपी के परिजनों का आरोप है कि पुलिस टीम ने जुनैद पर फायरिंग की, जिससे वह घायल हो गया। उनका कहना है कि घायल होने के बाद वह मकान से नीचे गिरा और पास से गुजर रही बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी हालत और गंभीर हो गई। पुलिस के अनुसार फायरिंग की बात सामने नहीं आई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

वहीं घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों में यह अफवाह फैल गई कि पुलिस मुठभेड़ में जुनैद की मौत हो गई है, जिसके बाद लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव भी किया, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी घायल हुए। हंगामे के बीच आरोपी को उसके परिजन और अन्य लोग मौके से लेकर चले गए। सूचना मिलते ही तावडू डीएसपी अभिमन्यु लोहान के नेतृत्व में तावडू सदर थाना, तावडू सीआईए और तावडू शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी भी ली, जहां से सीसीटीवी डीवीआर समेत कुछ अन्य सामान कब्जे में लिया गया है। जुनैद की पत्नी ने आरोप लगाया कि पुलिस टीम के पहुंचते ही उनके घर पर फायरिंग की गई, जिससे उनके पति को गोली लगी और बाद में वह बिजली के तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका दावा है कि घायल जुनैद को ग्रामीण और उसके साथी अस्पताल लेकर गए।

WhatsApp Image 2026-06-30 at 11.27.47 PM
वहीं डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बताया कि जुनैद आपराधिक प्रवृत्ति का आरोपी है और उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। उसकी तलाश में सोहना सीआईए टीम गांव पहुंची थी। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम पर हमला किए जाने की सूचना मिली है तथा फायरिंग संबंधी आरोपों सहित पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जा रही है। फिलहाल घायल जुनैद अस्पताल में भर्ती बताया जा रहा है, लेकिन वह किस अस्पताल में उपचाराधीन है, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। घटना को लेकर पुलिस और ग्रामीणों के अलग-अलग दावे हैं।

Desh Rojana Hiring Ad

About The Author

संबंधित समाचार

Desh Rojana Hiring Ad